यूपी में आसमानी बिजली का कहर: चित्रकूट, वाराणसी और भदोही में कई मौतें; 35 जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

यूपी में आसमानी बिजली का कहर: चित्रकूट, वाराणसी और भदोही में कई मौतें; 35 जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

Lightning Havoc in UP

Lightning Havoc in UP

लखनऊ। Lightning Havoc in UP, मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। शुक्रवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली और वज्रपात, बारिश-ओलावृष्टि हुई। चित्रकूट में वर्षा के दौरान बिजली गिरने से दो किशोर और एक महिला की मौत हो गई। दो किशोर झुलस गए।

वाराणसी में भी वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में एक दंपती की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। भदोही और ललितपुर में एक-एक जान बिजली गिरने से चली गई। आंधी, बौछार व ओलावृष्टि ने फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में आंधी के साथ बारिश, ओलावृष्टि व वज्रपात के आसार हैं। हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। मौसम विभाग ने इसको लेकर 35 जिलों में अलर्ट जारी किया है।

चित्रकूट के भरतकूप क्षेत्र में 15 वर्षीय विकास, 14 वर्षीय करण, 15 वर्षीय नीरज और 13 वर्षीय सुमित बकरियां चराने खेत गए थे। बारिश शुरू होने पर चारों किशोर भीगने से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान बिजली गिर गई।

विकास व करण की मौके पर मौत हो गई। नीरज और सुमित गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं, 48 वर्षीय रजपतिया देवी वर्षा के दौरान खेत में कटी पड़ी चना की फसल समेट रही थीं, तभी बिजली गिरी। जिला अस्पताल ले जाते समय उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।

वाराणसी में मिडिल स्कूल के शिक्षक रमेश राम और उनकी पत्नी की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। गेहूं की कटाई कर खेत से घर लौट रही एक ही परिवार की तीन महिलाएं वज्रपात की चपेट में आकर झुलस गईं। वज्रपात की एक अन्य घटना में मां और बेटा झुलस गए।

भदोही में अपने दादा के साथ खेत गए 12 वर्षीय बच्चे की वज्रपात से मौत हो गई। ललितपुर में घर के बाहर रखे सामान को भीगने से बचाने के लिए पिता व बहनों के साथ निकले किशोर पर बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पूर्वांचल और बुंदेलखंड में फसलों को नुकसान पहुंचा है।

वाराणसी और आसपास जिलों में लगभग 60 किमी प्रति घंटा के वेग से आई आंधी और गरज-चमक के साथ पड़ी बौछारों ने खेतों में पक कर तैयार खड़ी गेहूं की फसल की कटाई-मड़ाई का कार्य रोक दिया है। खलिहान में काट कर रखी गई फसलों के बोझ गीले हो जाने से किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

आम की फसल को भी नुकसान हुआ है। उधर, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर व जालौन में भी बारिश से खेतों में कटी पड़ी गेहूं और चना की फसलों को नुकसान हुआ। जालौन में गुरुवार देर रात ओलावृष्टि भी हुई। महोबा में बूंदाबांदी होती रही।

इन जिलों में ओलावृष्टि के आसार

अमेठी, औरैया, अयोध्या, बहराइच, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, चित्रकूट, इटावा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, गोंडा, हमीरपुर, हरदोई, जालौन, झांसी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कौशांबी, लखीमपुर खीरी, ललितपुर, लखनऊ, महोबा, मैनपुरी, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रायबरेली, शाहजहांपुर, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, श्रावस्ती, सुलतानपुर, उन्नाव एवं आसपास के क्षेत्र।

इन जिलों में तेज हवा के आसार

आगरा, अलीगढ़, अंबेडकरनगर, बदायूं, बरेली, चंदौली, एटा, फिरोजाबाद, हाथरस, जौनपुर, कासगंज, महाराजगंज, मथुरा, मीरजापुर, प्रयागराज, संतकबीरनगर, संत रविदास नगर, सोनभद्र, वाराणसी एवं आसपास के क्षेत्र।

यहां वज्रपात की आशंका

आगरा, अलीगढ़, अंबेडकरनगर, अमेठी, औरेया, अयोध्या, बदायूं, बहराइच, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बरेली, बस्ती, चंदौली, चित्रकूट, एटा, इटावा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, हरदोई, हाथरस, जालौन, जौनपुर, झांसी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कासगंज, कौशांबी, लखीमपुर खीरी, ललितपुर, लखनऊ, महाराजगंज, महोबा, मैनपुरी, मथुरा, मीरजापुर, पीलीभीत, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, संतकबीरनगर, संत रविदास नगर, शाहजहांपुर, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, श्रावस्ती, सुल्तानपुर, उन्नाव, वाराणसी एवं आसपास जिले।