चंडीगढ़ सेक्टर-29 रिहायश इलाके में घुसा तेंदुआ, अर्थ प्रकाश बिल्डिंग के पास दिखा
Leopard enters Chandigarh Sector-29 Residential Area
चंडीगढ़, 11 मार्च। Leopard enters Chandigarh Sector-29 Residential Area: चंडीगढ़ के सेक्टर-29 में स्थित पीर की मजार व अर्थप्रकाश बिल्डिंग के पास तेंदुआ नजर आया। मौके पर वन विभाग और पुलिस की टीम पहुंची है। सेक्टर 29 के पास बुधवार रात तेंदुआ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। मजार परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करने पर तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीमों को मौके पर बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार मजार पर बुधवार को एक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब एक परिवार वहां से बाहर निकल रहा था तो उन्हें पास में तेंदुआ दिखाई दिया। परिवार ने तुरंत इसकी सूचना आसपास मौजूद लोगों को दी। इसके बाद मजार की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें तेंदुआ साफ दिखाई दिया।
तेंदुए के दिखने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित किया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ सेक्टर-29 स्थित अर्थप्रकाश बिल्डिंग के पास भी देखा गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
फिलहाल वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें मजार के पास लगते जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। जिस इलाके में तेंदुआ देखा गया है उसके आसपास घनी आबादी भी है, इसलिए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और रात के समय अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए की मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।