हरियाणा में बड़े स्तर पर IPS/HPS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में नए एसपी नियुक्त
- By Gaurav --
- Thursday, 02 Apr, 2026
Large-scale transfers of IPS/HPS officers in Haryana, new SPs appointed in several districts
हरियाणा सरकार ने प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए IPS और HPS अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले व नियुक्तियां की हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षक (SP) और डीसीपी नियुक्त किए गए हैं।
जारी आदेशों के तहत नूंह, पलवल, फतेहाबाद, हिसार, रोहतक, चरखी दादरी, नारनौल और डबवाली समेत कई जिलों में नए एसपी लगाए गए हैं। इसके अलावा गुरुग्राम, सोनीपत, फरीदाबाद और झज्जर में डीसीपी स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं।
आदेशों के अनुसार कुछ अधिकारियों को विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (SV&ACB) में भी नियुक्ति दी गई है, जबकि कुछ को सीआईडी और अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं में जिम्मेदारी सौंपी गई है। कई अधिकारियों को खाली पदों पर तैनाती दी गई है, जबकि कुछ का स्थानांतरण अन्य अधिकारियों के स्थान पर किया गया है।
सूची के अनुसार राजेश कुमार को एसपी एससीबी, डॉ. अर्पित जैन को एसपी नूंह, वरुण सिंगला को एसपी पलवल, सिद्धांत जैन को एसपी हिसार, नितिका खट्टर को एसपी फतेहाबाद और पूजा वशिष्ठ को एसपी एसवी एंड एसीबी में नियुक्त किया गया है। वहीं गौरव राजपुरोहित को एसपी रोहतक और जसलीन कौर को एसपी डबवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा कई अधिकारियों को डीसीपी, क्राइम, ट्रैफिक और अन्य इकाइयों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
गृह विभाग के इस फैसले को कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

