भाजपा पंजाब का माहौल खराब करना चाहती है, हथियार तस्करी मामले में लगाए गंभीर आरोप : कुलदीप धालीवाल
- By Gaurav --
- Tuesday, 23 Jun, 2026
Kuldeep Dhaliwal Alleges BJP
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप धालीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पंजाब की शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को भंग करने का सीधा आरोप लगाया है। धालीवाल ने कहा कि करीब एक महीना पहले जब बम धमाके हुए थे, तब भी उन्होंने डंके की चोट पर कहा था कि भाजपा पंजाब का माहौल खराब करना चाहती है। आज उनकी वह बात 100% सच साबित हो गई है।
मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान की सरकार द्वारा पंजाब में किए जा रहे ऐतिहासिक जनहित के कामों से भाजपा बुरी तरह बौखला गई है। इसी घबराहट में पंजाब को अस्थिर करने के लिए भाजपा खतरनाक चालें चल रही है। इस मौके पर उनके साथ नव-नियुक्त शहरी अध्यक्ष सरबजोत भी मौजूद थे।
धालीवाल ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि बीती 19 जून को अजनाला के नजदीक गांव हरड़ खुर्द से बीएसएफ और स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने रोहन नाम के एक नौजवान को गिरफ्तार किया है। इस देशद्रोही के पास से एक एके-47 राइफल, एक मेड-इन-अमेरिका अत्याधुनिक बुलेटप्रूफ जैकेट, 25 पिस्तौल और 368 कारतूस बरामद हुए हैं। धालीवाल ने कहा कि यह कोई और नहीं, बल्कि अमृतसर भाजपा एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिव कुमार का बेटा है। यह वही अमृतसर शहर है जहां से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और नव-नियुक्त राज्य सभा सदस्य तरुण चुघ आते हैं। उनकी नाक के नीचे भाजपा के बड़े नेता का बेटा इतने बड़े पैमाने पर हथियारों की तस्करी में लिप्त है।
धालीवाल ने जांच रिपोर्टों का हवाला देते हुए बताया कि पकड़ा गया आरोपी ऑस्ट्रेलिया में बैठे अनमोल नाम के एक व्यक्ति के संपर्क में था और इससे पहले हथियारों और ड्रग्स की करीब 7 से 8 खेप पंजाब के विभिन्न हिस्सों में पहुंचा चुका है। उन्होंने सीधे देश के गृह मंत्री अमित शाह को कटघरे में खड़ा करते हुए पूछा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से लेकर 50 किलोमीटर का इलाका सीधे तौर पर बीएसएफ और केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आता है, तो फिर इतनी बड़ी मात्रा में हथियार देश के अंदर कैसे आ रहे हैं? क्या अमित शाह का खुफिया और सुरक्षा तंत्र पूरी तरह फेल हो चुका है, या फिर पंजाब का माहौल खराब करने के लिए जानबूझकर ढील दी जा रही है?
'आप' प्रवक्ता ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई बार पत्र लिखा है और गृह मंत्री अमित शाह से बैठकें की हैं कि पंजाब की 532 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा को सुरक्षित करने के लिए बीएसएफ को आधुनिक एंटी-ड्रोन सिस्टम दिए जाएं। हमारे बीएसएफ के जवान बहुत बहादुर हैं, लेकिन जब ड्रोन के जरिए आधुनिक हथियार और ड्रग्स फेंके जा रहे हों, तो बिना तकनीक के वे क्या करें? केंद्र की भाजपा सरकार ने आज तक पंजाब को इस काम के लिए एक धेला तक नहीं दिया। इसके उलट, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने स्तर पर 52 करोड़ रुपए खर्च करके तीन एंटी-ड्रोन सिस्टम सीमा पर लगवाए हैं। भाजपा न सिर्फ पंजाब के फंड रोकना चाहती है, हमारा पानी छीनना चाहती है, बल्कि अब हमारे नौजवानों को नशे और हथियारों की दलदल में धकेलना चाहती है।
धालीवाल ने पंजाब भाजपा के नेता सुनील जाखड़, तरुण चुघ और केवल ढिल्लों पर तीखा हमला बोलते हुए पूछा कि क्या वे अब अपने इस अपराधी नेता के खिलाफ कार्रवाई करेंगे? भाजपा की बंटवारे की राजनीति को बेनकाब करते हुए उन्होंने पटियाला की एक घटना का जिक्र किया, जहां भाजपा नेता करन कौड़ा ने मुस्लिम समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। धालीवाल ने कहा कि ये लोग देश में अल्पसंख्यकों और क्षेत्रीय पार्टियों को खत्म करना चाहते हैं और विरोधी आवाजों को दबाने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों और राज्य को बचा लो और इस जनविरोधी भाजपा को कभी मुंह न लगाओ। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में 'आप' और पंजाब के लोग भाजपा की इन घिनौनी हरकतों को कभी कामयाब नहीं होने देंगे।