नोएडा में श्रमिक कल्याण को लेकर प्रशासन-पुलिस की अहम बैठक, कंट्रोल रूम स्थापित
Key Meeting Between Administration
सेक्टर-छह नोएडा प्राधिकरण में प्रशासन, पुलिस समेत अन्य विभागों के अधिकारियों की हुई बैठक
श्रम विभाग के प्रमुख सचिव और श्रमायुक्त ने ऑनलाइन जुड़कर दिए दिशा-निर्देश
जिलाधिकारी मेधा रूपम की श्रमिकों से अपील, श्रमिकों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
नोएडा। Key Meeting Between Administration, सेक्टर- छह स्थित नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय में रविवार को जिलाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की सेवायोजक एवं कारखाना प्रबंधन की संयुक्त बैठक हुई। श्रम विभाग के प्रमुख सचिव एमकेएस सुंदरम व श्रमायुक्त मार्कण्डेय शाही भी ऑनलाइन मीटिंग में जुटकर अधिकारियों को श्रमिकों के हितों में सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
श्रमिकों के लिए क्या नियम होंगे लागू?
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिक व उद्यमियों के हितों की रक्षा के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। औद्योगिक शांति एवं श्रमिक कल्याण सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। नवीन श्रम संहिताओं के तहत श्रमिकों के हित में न्यूनतम वेतन की गारंटी, समय पर पूरा वेतन भुगतान, समान कार्य-समान वेतन, ओवरटाइम पर दोगुना भुगतान, कार्य समय का नियमन, शोषण पर रोक, ईपीएफ व ईएसआइ, ग्रेच्युटी, असंगठित व गिग श्रमिकों को भी सामाजिक सुरक्षा जैसे कई नियम ला रहे हैं।
-1776049020006.jpg)
इसके अलावा रोजगार सुरक्षा, छंटनी की स्थिति में विधिक मुआवजा, नोटिस वेतन, सुरक्षित कार्यस्थल, साप्ताहिक अवकाश, महिला श्रमिकों के लिए प्रविधान व शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था की जा रही है।
अफवाहों से बचने की अपील
श्रम आयुक्त मार्कण्डेय शाही ने अपील की कि सभी पक्ष केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचना पर ही विश्वास करें। किसी अफवाह, भ्रामक संदेश व सोशल मीडिया की अपुष्ट जानकारी से दूर रहें। कार्यस्थल पर शांति, अनुशासन व सौहार्द बनाकर रखें। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सहायता के लिए कंट्रोल रूम
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आश्वस्त किया कि प्रशासन श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। कारखाना प्रबंधन को निर्देश दिया कि शासन द्वारा गाइडलाइंस को प्रत्येक इकाई के नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से चस्पा करें। श्रमिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कारखाना प्रबंधन जल्द सौहार्दपूर्ण संवाद स्थापित कर शासन की गाइडलाइंस के अनुरूप समुचित जानकारी उपलब्ध कराए।
श्रमिकों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे चालू रखें। जनपद में शांति व्यवस्था बनाने के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर-1202978231, 1202978232, 1202978862, 1202978702 पर औद्योगिक इकाइयां व श्रमिक किसी भी समस्या की सूचना दे सकते हैं। बैठक में सीईओ नोएडा कृष्णा करूणेश, अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व अतुल कुमार, एसडीएम दादरी अनुज नेहरा, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन, ललित ठुकराल समेत अन्य मौजूद रहे।