"केशव प्रसाद मौर्य ने अमित शाह से मुलाकात, UP चुनाव और संगठन फेरबदल पर चर्चा"
Keshav Prasad Maurya meets Amit Shah
लखनऊ। Keshav Prasad Maurya meets Amit Shah, संगठन के पुनर्गठन, मंत्रिमंडल में फेरबदल की सरगर्मियों के बीच मंगलवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद माैर्य ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
दोनाें के बीच उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधान सभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल के लिए चल रही तैयारी को लेकर चर्चा हुई। मंत्रिमंडल में प्रस्तावित फेरबदल और प्रदेश भाजपा के गठन के साथ जिला इकाइयों के गठन को लेकर भी बात हुई। उपमुख्यमंत्री ने इस दौरान भारत के नक्सल मुक्त होने पर शुभकामनाएं भी दीं।
दिल्ली में मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, नई दिल्ली में नक्सल-मुक्त भारत के संकल्प को सिद्ध करने वाले हम सभी कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत एवं मार्गदर्शक केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। विभिन्न महत्त्वपूर्ण विषयों पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।
मुलाकात के बाद संगठन और मंत्रिमंडल में फेरबदल का काम जल्द पूरा होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री ने बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री के लौह संकल्प ने देश को दशकों तक जकड़े रखने वाले लाल आतंक की कमर तोड़ दी है।
जो क्षेत्र कभी नक्सलियों के कब्जे में थे, वहां आज विकास, विश्वास और राष्ट्रभक्ति की नई धारा प्रवाहित हो रही है। मोदी सरकार की निर्णायक नीति और सख़्त कार्रवाई ने उस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है।
आज उसी कथित लाल गलियारे में ‘वंदे मातरम्’ की गूंज सुनाई दे रही है - यह नए भारत की सबसे बड़ी विजय है।