कटिहार महाहादसा: मौत का आंकड़ा बढ़कर 13 हुआ; बस, पिकअप और स्कॉर्पियो की टक्कर से मची चीख-पुकार
Katihar Tragedy: Death toll rises to 13
कटिहार। कुछ ही पल में सब कुछ बदल गया। कोढ़ा के बसगाढ़ा-दादपुर के बीच शनिवार शाम का वह दृश्य बड़ा भयावह था।
सड़क पर बिखरे वाहनों मलबे के बीच चीखें गूंज रही थीं और लोग अपनों को तलाशते भटक रहे थे। तेज रफ्तार बस और पिकअप की टक्कर ने न सिर्फ 13 जिंदगियां छीन लीं, बल्कि कई परिवारों को ऐसा जख्म दे गई, जो शायद कभी नहीं भर पाएगा।
दुर्घटना के बाद सड़क खून से सन गई थी और टूटे वाहनों के बीच जिंदगी और मौत की जंग चल रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए।
सड़क पर तड़प रहे थे घायल
इसके साथ ही एक स्कॉर्पियो और तीन बाइक भी हादसे की चपेट में आ गईं। कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई गंभीर रूप से घायल सड़क पर तड़प रहे थे। हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। कोई अपने स्वजन को ढूंढ रहा था, तो कोई घायल को उठाकर सड़क किनारे ला रहा था। चारों ओर से मदद की पुकार गूंज रही थी।
लोगों ने दिखाई इंसानियत
इस बीच इंसानियत की मिसाल भी देखने को मिली। स्थानीय लोग बिना किसी भेदभाव के राहत और बचाव में जुट गए। जो बन पड़ा, उसी साधन से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में लोग जुट गए। किसी ने एंबुलेंस को सूचना दी, तो कई लोग निजी वाहनों से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा पहुंचाते रहे।
रोते बिलखते नजर आए परिजन
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में पूर्णिया मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। अस्पताल परिसर में भी स्थिति बेहद मार्मिक रही। अपनों को खोने का गम लिए स्वजन रोते-बिलखते नजर आए। हर तरफ विलाप और चीखें गूंजती रहीं।
हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। एक ही गांव के कई लोगों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है, लेकिन पीछे छूट गए परिवारों के लिए यह दर्द शायद कभी कम नहीं होगा।