कासगंज: स्कूल में ताला बंद, अंदर कैद रहा मासूम; वीडियो वायरल होने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित
Kasganj: School Locked Up
कासगंज। पटियाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नगला टीका में जिम्मेदारों की बड़ी चूक के कारण एक मासूम बच्चा कक्षा के अंदर ही बंद रह गया। घटना उस समय हुई जब कक्षा दो में पढ़ने वाली छात्रा स्वीटी के साथ आया उसका छोटा भाई, जो आंगनवाड़ी का छात्र है, नींद आने पर कक्षा में ही सो गया।
पटियाली के नगला टीका विद्यालय में बिना जांच किए स्कूल में लगा दिया था ताला
बताया जा रहा है कि छुट्टी के समय शिक्षकों ने बिना ठीक से जांच किए ही स्कूल में ताला लगा दिया और घर चले गए। कुछ देर बाद जब बच्चा जागा तो खुद को बंद पाकर जोर-जोर से रोने लगा। उसकी आवाजें आसपास गूंजती रहीं, लेकिन जिम्मेदारों को इसकी भनक तक नहीं लगी। बाद में शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई
ग्रामीणों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर स्थिति को समझा और किसी तरह उसे बाहर निकाला। इस पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया गया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया।
पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की
मामले की जानकारी मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शिक्षकों की लापरवाही साफ तौर पर सामने आई। इसके आधार पर प्रभारी प्रधानाध्यापक कृष्ण वीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई।
प्रभारी प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। यह घटना न केवल शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।