कासगंज: जन्मदिन पार्टी में हर्ष फायरिंग ने ली मासूम की जान; आरोपी धनेश यादव गिरफ्तार
Kasganj: Celebratory Firing at Birthday Party Claims Life of Innocent Child
Kasganj: Celebratory Firing at Birthday Party Claims Life of Innocent Child, थाना सहावर क्षेत्र के गांव याकूतगंज में जन्मदिन पार्टी में शुक्रवार रात एक युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी। तमंचे से चलाई गोली बालक के जा लगी। गंभीर अवस्था में बालक को उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। बाद में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया, उसके पास से तमंचा भी बरामद किया है। बालक का परिवार सदमे में है।
पार्टी में तमंचे से चलाई गोली, आरोपित गिरफ्तार
गांव याकूतगंज में जसवीर गोला के पुत्र का जन्मदिन समारोह था। रात नौ बजे दावत चल रही थी, तभी वहां थाना सोरों क्षेत्र के गांव नगला बीच मीरापुर निवासी धनेश यादव पुत्र रामभरोसेलाल यादव भी मौजूद था, जिसे पार्टी में बुलाया गया था। जिसने तमंचे से फायर कर दिया। गोली मौके पर मौजूद गांव के ही सुखवीर के नौ वर्षीय पुत्र यश के जा लगी। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
समारोह में मची अफरा-तफरी, दूसरे गांव का रहने वाला है आरोपित
गंभीर अवस्था में बालक को सहावर स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में शनिवार सुबह बालक की मौत हो गई। बालक यश अपने चार भाई बहनों में बड़े भाई अर्जुन से छोटा था। उसकी दो छोटी बहनें मुस्कान और कामिनी भी हैं। यश गांव में ही किसान मांटेसरी पब्लिक स्कूल में कक्षा दो का छात्र था।
घटना के बाद भाग गया था आरोपित
उधर घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित भाग गया। रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया था जो अब हत्या की धारा में तरमीम हुआ है।उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस ने शनिवार सुबह उसे खितौली नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद हुआ है। यह भी बताया गया है कि आरोपित को दावत में बुलाया गया था। बालक के घर में हा-हाकार मचा है।
आरोपित को भेजा गया जेल
सीओ सहावर शाहिदा नसरीन ने बताया कि जन्मदिन समारोह में आरोपित ने गोली मारकर बालक की हत्या की है। उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है और तमंचा भी बरामद हुआ है। आरोपित को जेल भेजा गया है। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।