कमाल! पुलिस कांस्टेबल बना PCS अधिकारी; UP PSC की परीक्षा में 41वीं रैंक हासिल की, कॉमर्शियल टैक्स ऑफिसर के पद पर चयन
Kanpur Police Constable Ashish Shukla Cracks UP PSC Exam Commercial Tax Officer
Constable Cracks UP PSC Exam: एक साधारण पुलिस कांस्टेबल से सीधे PCS अधिकारी बनना आसान नहीं। इसके पीछे दिन-रात की मेहनत और मजबूत हौंसले की जरूरत होती है। और यही आशीष शुक्ला ने कर दिखाया। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात और अमेठी के शुक्ल बाजार के रहने वाले आशीष शुक्ला ने कड़ी ड्यूटी, पारिवारिक जिम्मेदारियों और सीमित समय के बीच अपनी तैयारी जारी रखी और अपने सपनों को पीछे नहीं छूटने दिया। क्योंकि उनके इरादे मजबूत थे। मजबूत इरादों की वजह से ही आशीष ने अपने हालातों से हार नहीं मानी और तब तक लगे रहे जब तक सफलता नहीं हासिल कर ली।
पिता के निधन के बाद भी कमजोर नहीं पड़े आशीष
दिनभर की व्यस्तता और ड्यूटी के बावजूद जब भी आशीष को मौका मिला तो उन्होंने किताबों पर नजर गढ़ाई और अपनी तैयारी को आगे बढ़ाया। आशीष की इस सफलता के पीछे केवल उनकी मेहनत ही नहीं संघर्ष की कहानी भी है। पिता के निधन के बाद आशीष के कंधों पर पूरे घर की ज़िम्मेदारी थी। ऐसे में परिवार वालों ने भी आशीष का खूब हौंसला बढ़ाया और उन्हें हिम्मत नहीं हारने दी। वहीं आशीष अपनी सफलता का श्रेय अपने अधिकारियों और सहयोगी कर्मियों को भी देते हैं। जिन्होंने उन्हें हौंसला दिया और उनका उत्साह बढ़ाया। आशीष का कहना है कि ड्यूटी के साथ पढ़ाई इतनी आसान नहीं थी लेकिन सबकी मदद से मेहनत रंग लाई।
भगवान से कहा था, इस बार सिलेक्शन करा देना
आशीष शुक्ला कहते हैं की इस बार मैं भगवान से बस यही दुआ कर रहा था की भले मेरा नाम सिलेक्शन लिस्ट में कहीं नीचे दे देना लेकिन इस बार दे जरूर देना। क्योंकि अब मैं लोगों को जवाब नहीं दे पा रहा था। आशीष कहते हैं कि कुछ हासिल करना कुछ बनने जैसा नहीं होता। जब आप 7 सालों तक मेहनत करते-करते घिस जाते हैं तो फिर आपको वैसा ही लगता है की कोई फर्क नहीं रहता सब कुछ जीत जाने में और अंत तक हार न मानने में। आशीष शुक्ला ने UP PSC की परीक्षा 2024 में 41वीं रैंक हासिल की है।
आशीष शुक्ला एक मिसाल
आशीष शुक्ला ने यह साबित कर दिया है की अगर संकल्प दृढ़ है और मन में ठान लिया है की कुछ मुकाम पाना है तो कोई रुकावट आपको कमजोर नहीं कर सकती। कोई समस्या आपको रोक नहीं सकती। आशीष शुक्ला आज उन लोगों के लिए एक मिसाल हैं जो इसी तरह से कहीं कोई लोअर सरकारी नौकरी या प्राइवेट नौकरी कर रहे हैं, पर उन्हें कुछ बड़ा करना था, उनके भी अपने सपने थे, आज भी जो करने की इच्छा उनके अंदर है लेकिन समय और जिम्मेदारियों के चलते वह कदम आगे नहीं बढ़ा पा रहे।
कानपुर पुलिस ने बधाई दी
PCS अधिकारी बनने पर आशीष शुक्ला को कानपुर पुलिस ने बधाई दी है और अधिकारियों द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया है। कानपुर पुलिस ने ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा, ''2018 बैच के आरक्षी आशीष शुक्ला, जो वर्तमान में कमिश्नरेट कानपुर नगर में नियुक्त हैं तथा मूलतः शुक्ला बाजार, जनपद अमेठी के निवासी हैं, का चयन UPPCS 2024 में कॉमर्शियल टैक्स ऑफिसर पद पर हुआ है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा द्वारा आरक्षी आशीष शुक्ला को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।''
कमिश्नरेट कानपुर नगर के आरक्षी आशीष शुक्ला बने UPPCS 2024 में कॉमर्शियल टैक्स ऑफिसर, अधिकारियों ने दी बधाई...
2018 बैच के आरक्षी आशीष शुक्ला, जो वर्तमान में कमिश्नरेट कानपुर नगर में नियुक्त हैं तथा मूलतः शुक्ला बाजार, जनपद अमेठी के निवासी हैं, का चयन UPPCS 2024 में कॉमर्शियल… pic.twitter.com/yOkVuLlfF9