JOA (IT) Post Code 817 employees seek

JOA (IT) 817 कर्मचारियों ने सीएम सुक्खू से लगाई गुहार, एक साथ नियमितीकरण की मांग

pp

JOA (IT) Post Code 817 employees seek

लंबे कानूनी संघर्ष के बाद नौकरी पाने वाले JOA (IT) पोस्ट कोड 817 के कर्मचारियों की मुश्किलें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। नियमितीकरण की अवधि में आ रही विसंगतियों को दूर करने की मांग को लेकर कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को Shimla स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक निवास ओकओवर में Sukhvinder Singh Sukhu से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे बैच को एकमुश्त छूट देकर एक साथ नियमित करने की मांग की।

ज्वाइनिंग में एक महीने का अंतर, नियमितीकरण में 6 माह का फर्क

कर्मचारियों ने बताया कि JOA (IT) पोस्ट कोड 817 की भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2020 में शुरू हुई थी, लेकिन कानूनी अड़चनों के कारण इसका परिणाम अगस्त 2024 में घोषित हो पाया। परिणाम जारी होने के बाद विभिन्न विभागों में नियुक्तियां दी गईं।

हालांकि कुछ अभ्यर्थियों को सितंबर 2024 में ज्वाइनिंग मिली, जबकि कई अन्य को प्रशासनिक कारणों से अक्टूबर 2024 में नियुक्ति दी गई। सरकारी नियमों के अनुसार सितंबर में नियुक्त कर्मचारी अक्टूबर 2026 में नियमित हो जाएंगे, जबकि अक्टूबर में ज्वाइन करने वाले कर्मचारियों को अप्रैल 2027 तक इंतजार करना पड़ेगा। इससे एक ही बैच के कर्मचारियों के बीच वरिष्ठता और वेतन लाभ में करीब छह महीने का अंतर पैदा हो जाएगा।

कर्मचारी बोले—जब परीक्षा एक, तो लाभ अलग-अलग क्यों?

कर्मचारियों ने तर्क दिया कि पोस्ट कोड 817 के सभी अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया, परीक्षा और परिणाम की तिथि एक ही है। ऐसे में केवल प्रशासनिक देरी के कारण ज्वाइनिंग में आए अंतर का नुकसान कर्मचारियों को नहीं उठाना चाहिए।

मुख्यमंत्री से एकमुश्त छूट देने की अपील

कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पिछले चार वर्षों के लंबे इंतजार और मानसिक तनाव को देखते हुए पूरे बैच को एकमुश्त छूट दी जाए। इससे सितंबर और अक्टूबर में ज्वाइन करने वाले सभी कर्मचारियों का नियमितीकरण एक साथ हो सकेगा और किसी के भी सेवा लाभ प्रभावित नहीं होंगे।