इजरायल PM के बयान से दुनिया में खलबली; नेतन्याहू की चेतावनी- ईरान के साथ किसी भी वक्त खत्म हो सकता सीजफायर, सेना अलर्ट
Israeli PM Benjamin Netanyahu Warning Over Ceasefire End With Iran
Israeli PM Benjamin Netanyahu: ईरान और अमेरिका के बीच अस्थायी सीजफायर की घोषणा और फिर पाकिस्तान के इस्लामाबाद में स्थायी शांति के लिए आयोजित वार्ता फेल होने के बाद एक बार फिर टकराव बढ़ता दिखता रहा है। एक तरफ वार्ता फेल होने के बाद ईरान को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार गर्म मिजाजी बयान जारी कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ अब इजरायल PM ने अपने बयान से दुनिया में खलबली मचा दी है।
इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है और किसी भी वक्त सीजफायर खत्म हो सकता है। वहीं नेतन्याहू का कहना है कि हम ईरान को कभी भी और किसी भी कीमत पर यूरेनियम संवर्धन नहीं करने देंगे और इसकी इजाजत नहीं देंगे। नेतन्याहू ने कहा कि दुनिया की सबसे ताक़तवर ताक़त के साथ हमारा तालमेल है, और हमारे पास तबाही के ख़तरों को दूर करने की काबिलियत है। नेतन्याहू का बयान को उनकी चेतावनी और किसी बड़े इशारे के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीं पीएम बेंजामिन नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह से घेरने की धमकी दी है। ट्रंप ने कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले सभी समुद्री यातायात पर ब्लॉकेड लागू किया जा रहा है। यानि समुद्र में अमेरिका की सेना ताबड़तोड़ नाकाबंदी कर रही है। ट्रंप ने यह भी कहा है कि सभी जहाजों को चेक किया जाएगा। अगर कोई जहाज ईरान को टोल देकर आ रहा होगा तो उसे नहीं जाने दिया जाएगा। दरअसल ट्रंप का कहना है कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल और गैस के जहाजों से टोल नहीं वसूल सकता।
ट्रंप की चीन को सीधी धमकी
इधर डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को भी सीधे धमका दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने चीन को ईरान की मदद नहीं करने की धमकी दी है। उन्होंने कल एक इंटरव्यू में कहा कि अगर चीन ईरान को सैन्य मदद देता हुआ पकड़ा गया, तो उस पर 50% तक टैरिफ लगाया जाएगा। फिलहाल अमेरिकी मीडिया से ऐसी रिपोर्ट्स आ रहीं हैं की अमेरिकी सेना हाई अलर्ट और एक्शन मोड पर है। ट्रंप का एक आदेश मिलते ही कभी भी ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमला दोबारा शुरू हो सकता है, और जैसा की ट्रंप ने कहा है कि दोबारा शुरू होने वाला हमला ऐसा होगा, जो इससे पहले कभी देखा नहीं गया होगा।
