कानपुर में 80 करोड़ की साइबर ठगी का पर्दाफाश, अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा
- By Gaurav --
- Sunday, 19 Apr, 2026
Interstate Cyber Fraud Gang Busted
कानपुर नगर में साइबर ठगी के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। थाना नौबस्ता पुलिस और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) लखनऊ की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह से जुड़े बैंक खातों में मात्र तीन महीनों के भीतर 80 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन हुआ।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि यह कार्रवाई आईटी एक्ट की धारा 66D और बीएनएस की धाराओं के तहत दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान की गई। शिकायतकर्ता को फेसबुक के जरिए एक लिंक भेजा गया था, जिसमें उसे शेयर ट्रेडिंग के लिए एक इक्विटी ग्रुप से जुड़ने का लालच दिया गया।
लिंक पर क्लिक करने के बाद पीड़ित को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां अधिक मुनाफे का झांसा देकर उससे अलग-अलग तारीखों में करीब 7 लाख रुपये निवेश करवाए गए। कुछ समय बाद संबंधित एप बंद कर दिया गया और आरोपी रकम लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ने मामले की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और इस बड़े गिरोह का खुलासा किया।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है, साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश के लालच से सावधान रहें।