सोलन में अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़, नाइजीरियन सप्लायर गिरफ्तार

सोलन में अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़, नाइजीरियन सप्लायर गिरफ्तार

Inter-state drug network busted in Solan

Inter-state drug network busted in Solan,

सोलन। जिला पुलिस सोलन ने अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली से नाइजीरियन को 229 ग्राम चिट्टा व एक इलेक्ट्रानिक तराजू के साथ गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित इस नेटवर्क का अहम सप्लायर है, जो विभिन्न राज्यों में नशे की खेप पहुंचाता था। विदेशी नागरिक होने के कारण उसके विरुद्ध विदेशी अधिनियम की धारा 14 भी जोड़ी गई है।

पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल को पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 व 29 के तहत दर्ज मामले में तीन आरोपितों से 9.93 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इनमें दो आरोपित बिहार, जबकि एक नेपाल का रहने वाला था।

पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ की तो पता लगाया कि नेटवर्क के तार दिल्ली से जुड़े हैं। उसके बाद 22 अप्रैल को थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम दिल्ली गई। दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से पुलिस ने नाइजीरियन यूजीन चिनवेउबा को गिरफ्तार किया।

इससे 229 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर कई अहम जानकारियां जुटाएगी ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चेन व वित्तीय लेनदेन की गहराई से जांच की जा सके। एसपी सोलन अभिषेक एस का कहना है कि पुलिस नशा तस्करी के विरुद्ध जीरो टालरेंस नीति के साथ काम कर रही है।