दीनदयाल उपाध्याय योजना में प्लॉट नीलामी पर इनेलो का सवाल, आम लोगों की पहुंच से बाहर हो रही कीमतें
- By Gaurav --
- Friday, 06 Mar, 2026
INLD questions plot auction under Deen Dayal Upadhyaya
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक दल के नेता Aditya Devi Lal ने Deen Dayal Upadhyay Housing Scheme के तहत सरकार द्वारा जारी किए गए प्लॉट लाइसेंस का ब्यौरा मांगा।
सप्लीमेंट्री प्रश्न पूछते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 1977 से 2016 तक सरकार द्वारा विकसित किए गए सेक्टरों में अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता सेनानी, विधवा और दिव्यांगजनों के लिए कोटा आरक्षित किया जाता था। उन्होंने कहा कि किफायती आवास योजना का उद्देश्य आम लोगों को सस्ती दरों पर प्लॉट उपलब्ध कराना होता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत आम लोगों को सीधे प्लॉट आवंटित करने के बजाय नीलामी के माध्यम से प्लॉट दिए जा रहे हैं। इससे प्लॉट की कीमत एक लाख रुपये प्रति गज से भी अधिक हो जाती है, जो गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की पहुंच से बाहर है।
इनेलो विधायक ने सरकार से पूछा कि क्या आम लोगों को राहत देने और किफायती आवास का वास्तविक लाभ सुनिश्चित करने के लिए सरकार इस संबंध में कोई ठोस कदम उठाने जा रही है।