वियतनाम में भारतीयों के साथ बड़ा हादसा, 15 की मौत; समुद्र में पलट गई टूरिस्ट बोट, वीडियो, PM मोदी ने कहा- यह बहुत दुखद
Vietnam Indian Tourists Boat Capsize Accident Video
Vietnam Tourists Boat Capsize: वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को बहुत बड़ा हादसा हुआ है. यहां समुद्र में एक टूरिस्ट बोट पलट गई. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, बोट पर 32 भारतीय नागरिक सवार थे. हादसे में 15 भारतीयों की मौत हो गई है. ज्यादातर मृतक भारतीय नागरिक तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के रहने वाले बताये जा रहे हैं. वहीं 21 लोगों को बचा लिया गया है. बोट पर कुल 4 क्रू मेंबर्स समेत 36 लोग सवार थे.
कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास इतना बड़ा हादसा कैसे हुआ? स्थानीय एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं. लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे की वजह समुद्र की ऊंची लहरें हो सकती हैं. जो वीडियो सामने आए, उनमें लहरें उठती दिख रही हैं. वहीं बताया जा रहा है कि बोट में मौजूद लोग लाइफ जैकेट नहीं पहने हुए थे. नाव जब पलटी तो कई लोग नाव के नीचे फंस गए और पानी के अन्दर उनका दम घुट गया. इस हादसे के बाद भारतीय दूतावास के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और मृतक के पीड़ित परिवारों और घायल पीड़ितों से संपर्क किया जा रहा है.
वीडियो
PM मोदी ने कहा- यह बहुत दुखद
वियतनाम के इस हादसे और भारतीयों की जान जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है. पीएम मोदी ने कहा, "वियतनाम के फू क्वोक के पास भारतीय नागरिकों की नाव दुर्घटना की दुखद खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. घायल बचे लोगों के जल्द ठीक होने की मैं प्रार्थना करता हूं. हमारा दूतावास और वाणिज्य दूतावास हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं. हमारे अधिकारी वियतनाम के अधिकारियों के साथ भी लगातार संपर्क में हैं."