दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी के बाद झमाझम बारिश, भीषण गर्मी से मिली राहत
Downpour follows dust storm in Delhi-NCR
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में करीब एक घंटे तक चली तेज धूल भरी आंधी के बाद राहत भरी बारिश शुरू हो गई है। प्रचंड गर्मी और उमस से परेशान लोगों को इस बारिश ने बड़ी राहत दी है।
दिल्ली में धूल भरी आंधी और तेज हवाएं, वर्षा के लिए रेड अलर्ट
मंगलवार दोपहर दिल्ली के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलीं, जिसके चलते मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में पूरे शहर में भीषण आंधी, बिजली गिरने और वर्षा के लिए रेड अलर्ट जारी किया।

मौसम विभाग ने कहा कि कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है, जबकि अगले कुछ घंटों में दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में बिजली चमकने और 80-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ तेज आंधी आने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग ने एक नाउकास्ट चेतावनी (स्थानीय अल्पकालिक अलर्ट) में दिल्ली के अधिकांश स्थानों को रेड अलर्ट के तहत रखा है, जो गंभीर मौसम की स्थिति की संभावना को दर्शाता है। मौसम विभाग ने जिला अधिकारियों और आपदा प्रबंधन अधिकारियों को चेतावनी भेज दी है और उन्हें आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

सड़कों पर धूल का गुबार साफ होते ही ठंडी फुहारें गिरने लगीं, जिससे मौसम सुहाना हो गया।

लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। कई जगहों पर युवा और बच्चे सड़कों पर खुलकर भीगते और झूमते नजर आए। कुछ लोग मोबाइल पर वीडियो बनाते हुए इस मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार हल्की से मध्यम बारिश अगले कुछ घंटों तक जारी रह सकती है, जिससे गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

वहीं कुछ देर पहले दिल्ली-एनसीआर में अचानक तेज आंधी आई थी। नोएडा से लेकर गुरुग्राम तक सड़कों पर घना धूल का गुबार उड़ रहा था, जिससे आसमान धुंधला नजर आ रहा था और विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी। तेज हवाओं के जोरदार थपेड़ों से खुले में लगी दुकानों के सामान उड़ने लगे थे।

राहगीर धूल से बचने के लिए मुंह ढककर भागने लगे थे। दुकानदारों को भारी परेशानी हो रही थी। कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपना सामान समेट लिया और दुकानें बंद करनी पड़ीं।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान
बता दें कि बादलों की आवाजाही और तीखी धूप के बीच दिल्ली में आज उमस भरी गर्मी परेशान करेगी। आलम यह हो रहा है कि बिना एसी कहीं राहत नहीं मिल पा रही। आज तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं। दूसरी तरफ दिल्ली की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में ही चल रही है।
-1782214067776.jpeg)
मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री के आसपास रह सकता है। दिन में बादलों की आंशिक आवाजाही लगी रहेगी। तेज धूप भी निकलेगी।
उधर मंगलवार को सुबह साढ़े नौ बजे दिल्ली का एक्यूआइ 145 दर्ज किया गया। इसे 'मध्यम' श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों में भी हवा संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में चल रही है। पूर्वानुमान है कि हाल फिलहाल इसमें बहुत अधिक बदलाव नहीं होगा।