पुतिन की आरती कर रहे लोग...VIDEO; कुछ ही घंटों में भारत लैंड करेंगे रूसी राष्ट्रपति, PM मोदी ने आवास पर प्राइवेट डिनर रखा

Russian President Putin Aarti in India For Welcome

Russian President Putin Aarti in India For Welcome

Putin Aarti in India: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज भारत के 2 दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुतिन का स्पेशल विमान गुरुवार शाम 4.30 बजे या 6:30 बजे तक मॉस्को से भारत की धरती पर यानि राजधानी दिल्ली में लैंड करेगा। पुतिन के स्वागत में सारी औपचारिक तैयारियां भारत सरकार की तरफ से कर ली गईं हैं। वहीं दूसरी तरफ पुतिन के भारत आने को लेकर लोग भी बेहद उत्साहित देखे जा रहे हैं। आलम यह है कि लोग पुतिन के स्वागत में उनकी आरती उतार रहे हैं।

दरअसल उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थानीय लोगों ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के स्वागत में आरती की है। वह पुतिन की तस्वीर सामने रख आरती करते हुए देखे गए। साथ ही लोगों ने बैंड-बाजे के साथ वेलकम मार्च भी निकाला है. लोगों में ज़्यादातर महिलाएं ही शामिल थीं। मोदी और पुतिन की तस्वीरों के साथ भारत-रूस दोस्ती जिंदाबाद के नारे भी लगाए। यह पूरा माहौल कुछ वैसा ही दिखा जैसा अमेरिका में चुनाव के दौरान भारत के लोग डोनाल्ड ट्रंप के लिए यहां हवन और पूजा कर रहे थे।

बता दें कि पुतिन की तस्वीर के सामने लोग आरती गाते हुए कह रहे हैं- ''मन की बगिया से हमने हैं कलियां चुनी, श्रद्धा के फूलों से हमने है माला बुनी, करते हैं दिल के अर्जित सुमन आज हम... स्वागतम, स्वागतम, स्वागतम, स्वागतम।'' इसी के साथ बैंड बाजे के साथ मोदी और पुतिन की तस्वीरों को लेकर स्वागत मार्च निकाला गया। लोगों ने हाथ में पोस्टर ले रखे थे। जिसमें दोनों को महान नेता भी बताया गया। आरती और स्वागत मार्च निकालने में महिलाओं की संख्या ही ज्यादा दिख रही थीं।

वीडियो

भारत में पुतिन का पूरा शेड्यूल

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज गुरुवार शाम भारत पहुंचने के बाद लगभग 28 से 30 घंटे दिल्ली में रहेंगे। भारत में पुतिन के पूरे शेड्यूल पर अगर बात की जाए तो पुतिन के भारत पहुंचने पर सबसे पहले नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से आधिकारिक स्वागत होगा और इसके बाद वह सीधे प्रधानमंत्री आवास यानी 7, लोक कल्याण मार्ग जाएंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका स्वागत करेंगे। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री आवास पर पुतिन के लिए खास प्राइवेट डिनर रखा है।

ये कुछ वैसा ही है जैसे जिस तरह जुलाई, 2024 में जब प्रधानमंत्री मोदी रूस गए थे और इस बीच राष्ट्रपति पुतिन ने अपने आवास पर उन्हें बुलाकर उनके लिए प्राइवेट डिनर रखा था। बता दें कि आज के दिन पुतिन कोई और बैठकें नहीं करेंगे। उनका 5 दिसंबर को सुबह 11 बजे राष्ट्रीय ध्वज के नीचे स्वागत होगा। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय भवन में पुतिन से मिलेंगी, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद पुतिन राजघाट जाएंगे। वहां वह महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। यह परंपरा हर विदेशी मेहमान निभाता है।

इसके बाद शुक्रवार को ही पुतिन हैदराबाद हाउस में 23वें भारत-रूस सालाना समिट में हिस्सा लेंगे। जहां साथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी मौजूदगी होगी। इस समिट के अंतर्गत पीएम मोदी और पुतिन द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। बातचीत का एक दौर पीएम मोदी और पुतिन के बीच अकेले होगा और फिर डेलिगेशन के साथ। इस दौरान दोनों देशों के बीच वैश्विक स्थिरता, बाहरी दबाव, व्यापार, ऊर्जा, रक्षा सौदों पर फोकस किया जाएगा और कई अहम समझौतों पर मुहर लग सकती है। खासकर रक्षा क्षेत्र में भारत और रूस के बीच SU-57 फाइटर जेट, S-500 मिसाइल सिस्टम और ब्रह्मोस को लेकर बातचीत बन सकती है।

वहीं गुरुवार शाम को भारत मंडपम में पुतिन और पीएम मोदी भारत-रूस बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे। इस फोरम को पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन संबोधित भी करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा पुतिन के सम्मान में सरकारी आलीशान भोज रखा गया है। जिसमें पुतिन शामिल होंगे। इसके बाद राष्ट्रपति पुतिन के शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे भारत छोड़ने की उम्मीद है। इस तरह से पुतिन की यह यात्रा भारत और रूस में एक लंबी रणनीतिक साझेदारी के तौर पर बेहद अहम मानी जा रही है।

दिल्ली अभेद्य किले में तब्दील

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आने को लेकर राजधानी दिल्ली अभेद्य किले में तब्दील हो गई है। यानि पुतिन के आने पर सुरक्षा बहुत सख्त है। पूरी राजधानी 4 से 5 लेयर के सुरक्षा घेरे में घिरी हुई है। दिल्ली पुलिस के अलावा केंद्रीय सुरक्षा टीमें, SWAT टीमें और एंटी-टेरर स्क्वायड की टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा पुतिन की पर्सनल हाई एडवांस सुरक्षा टीम और स्नाइपर्स की हर कदम पर पैनी नजर होगी। पुतिन के आने पहले से रूस की सुरक्षा टीम ने दिल्ली आकर सुरक्षा का जायजा ले लिया है।

भारत का सबसे भरोसेमंद दोस्त है रूस

मालूम रहे कि भारत और रूस के बीच बहुत ही खास रणनीतिक साझेदारी है और लंबे समय के मजबूत आपसी संबंध हैं। रूस, भारत के सबसे भरोसेमंद दोस्त देशों में से एक रहा है। साथ ही पीएम मोदी और पुतिन व्यक्तिगत तौर पर भी अच्छे दोस्त हैं। माना जा रहा है कि पुतिन की इस यात्रा से रूस और भारत के संबंध और मजबूत होंगे। दोनों देशों में आपसी सहयोग और बढ़ाने पर फोकस किया जा रहा है। इसलिए राष्ट्रपति पुतिन का ये दौरा कई मायनों में अहम रहने वाला है।

Russian President Putin Aarti in India For Welcome

यूक्रेन से युद्ध के बाद यह पहला दौरा

गौर करने वाली बात ये भी है कि, यूक्रेन के साथ महायुद्ध (Russia-Ukraine War) शुरू होने के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहली बार भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। इसके साथ ही पुतिन की भारत यात्रा ऐसे समय पर तय की गई है, जब अमेरिका ने हाल ही के दिनों में रूस के चलते ही भारत को निशाने पर लिया है और टैरिफ थोपा है। पुतिन का भारत दौरा उस लिहाज से भी अहम है, जिसमें पश्चिम के विपरीत एशिया के देशों को साथ आने और मजबूत रणनीति पर काम करने को कहा जा रहा है।

आखिरी बार 2021 में भारत आए थे पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अब करीब 4 साल बाद फिर से भारत आ रहे हैं। वह आखिरी बार साल 2021 में भारत के दौरे पर आए थे। यह मौका था भारत-रूस के बीच आख़िरी वार्षिक समिट का। यह समित नई दिल्ली में छह दिसंबर 2021 को हुआ था, तब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन भारत आकर इसमें शामिल हुए थे। इसके बाद पुतिन 2023 को भारत में हुए जी-20 सम्मेलन में आना था लेकिन इसके के लिए वह नहीं आए थे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 2024 में 2 बार रूस का दौरा किया था।

पीएम मोदी 22 अक्तूबर 2024 को दो दिनों के लिए रूस दौरे पर गए थे और रूस की अध्यक्षता में कज़ान में आयोजित 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शिरकत की थी। इस दौरान पीएम मोदी की रूसी राष्ट्रपति पुतिन से भी मुलाक़ात हुई थी। वहीं इस साल पहली दफा पीएम मोदी 8 जुलाई को 22वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दो दिवसीय मॉस्को दौरे पर पहुंचे थे। वह फ़रवरी, 2022 में यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद पहली बार मॉस्को के दौरे पर थे। यानि उन्होंने यूक्रेन जंग के बाद पहली बार रूस का दौरा किया था।

पीएम मोदी के मॉस्को पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया था। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉस्को में राष्ट्रपति भवन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी। जहां राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों ने एक-दूसरे को गले भी लगाया। वहीं, क्रेमलिन में पीएम मोदी के लिए प्राइवेट डिनर का आयोजन भी किया था। इसी के साथ पुतिन ने PM मोदी को अपने गोल्फ कार्ट में बिठाया। इस दौरान पुतिन खुद ड्राइव करते दिखे। इसके बाद वे उन्हें अपने अस्तबल भी ले गए। इसी के साथ पीएम मोदी को रूस का सबसे बड़ा सम्मान भी दिया गया था।