नीतीश कुमार कब-कब बने बिहार के CM; अब रिकॉर्ड 10वीं बार ले रहे मुख्यमंत्री पद की शपथ, PM मोदी समेत कई VVIP मौजूद

Bihar Nitish Kumar CM Oath Ceremony Breaking News

Bihar Nitish Kumar CM Oath Ceremony Breaking News

Nitish Kumar CM Bihar: बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की प्रचंड जीत के बाद आज नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। यानि नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्हें बीते कल ही NDA विधायक दल का नेता चुना गया था। जिसके बाद ही नीतीश कुमार ने मौजूदा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के समक्ष राज्य में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

पटना के गांधी मैदान में नई सरकार का शपथ समारोह

अब से कुछ ही देर में नई NDA सरकार का गठन हो जाएगा। पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण कार्यक्रम रखा गया है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य केंद्रीय मंत्रियों के साथ एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री-उप मुख्यमंत्री भी शामिल होने के लिए पहुंचे हुए हैं। इसके साथ ही नीतीश के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों का भारी हुजूम भी गांधी मैदान पहुंचा हुआ है। नीतीश और मोदी के नारे लग रहे हैं।

नीतीश कुमार कब-कब बने बिहार के CM?

नीतीश कुमार सबसे पहले मार्च 2000 में हुए चुनाव के बाद करीब 7 दिन के लिए बिहार के सीएम बने थे। उस वक्त नीतीश कुमार की सरकार बहुमत हासिल न कर पाने के कारण गिर गई। फिर नवम्बर 2005 में चुनाव के बाद नीतीश कुमार दूसरी बार बिहार के सीएम बने। इस दौरान नीतीश कुमार ने 5 साल का कार्यकाल पूरा किया। वहीं नवम्बर 2010 में चुनाव के बाद नीतीश कुमार ने तीसरी बार सीएम पद की शपथ ली और लगभग 3.5 साल के लिए बिहार के सीएम रहे। इसके बाद बिहार में राष्ट्रपति शासन लगा।

वहीं फरवरी 2015 में नीतीश कुमार ने मांझी को हटाकर चौथी बार सीएम पद की शपथ ली और करीब 9 महीना बिहार के सीएम रहे। जबकि नवम्बर 2015 में हुए चुनाव बाद पाँचवीं बार नीतीश कुमार ने सीएम पद की शपथ ली और 1.8 साल तक बिहार के सीएम रहे। वहीं जुलाई 2017 में फिर से नीतीश कुमार पलटे और छठी बार सीएम पद की शपथ ली और इस दौरान 3.4 साल के लिए बिहार के सीएम रहे। इसके बाद आगे भी नीतीश के सीएम बनने का सिलसिला जारी रहा.

नवम्बर 2020 में हुए चुनाव के बाद नीतीश कुमार ने 7वीं बार सीएम पद की शपथ ली और लगभग 19 महीने बिहार के सीएम रहे। क्योंकि अगस्त 2022 में बीजेपी का साथ छोड़ने और RJD के साथ जाने के बाद नीतीश कुमार ने 8वीं बार सीएम पद की शपथ ली और करीब 1.5 महीना बिहार के सीएम रहे। इसके बाद जनवरी 2024 में फिर से बीजेपी के साथ आकर 9वीं बार नीतीश कुमार बिहार के सीएम बने। इसके बाद नीतीश अब तक बिहार के सीएम रहे और अब 2025 विधानसभा चुनाव के बाद 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।

बिहार चुनाव में NDA की सुनामी

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी नेतृत्व वाले NDA की सुनामी देखने को मिली है। NDA ने प्रचंड जीत के साथ कुल 243 सीटों में से 202 सीटों (बहुमत 122) पर अपना कब्जा जमाया। बीजेपी ने अकेले ही 89 सीटों पर जीत का झंडा गाड़ा। इसी के साथ बीजेपी बिहार की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। वहीं बीजेपी के बाद दूसरे नंबर पर NDA सहयोगी नीतीश कुमार की JDU रही। जिसने 85 सीटों पर बड़ी जीत दर्ज़ की। इसके साथ ही चिराग पासवान की पार्टी (LJP राम विलास) 19 , HAM (S) 5 और RLM 4 सीटों पर जीत हासिल की।

बिहार में महागठबंधन की लुटिया डूबी

वहीं बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में RJD-CONG महागठबंधन की तो लुटिया डूब गई। जिस महागठबंध (MGB) ने पिछले विधानसभा चुनाव में 110 सीटें जीती थीं। उसे इस बार केवल 35 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। इस बार RJD ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को केवल 6 सीटें ही मिली हैं। पिछले चुनाव में RJD ने 75 और कांग्रेस ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी। बता दें कि इस बार आरजेडी ने 143 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी और वहीं कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 61 उम्मीदवार उतारे थे। कई सीटों पर महागठबंधन की फ्रेंडली फाइट भी थी।