पंजाब सरकार में नए मंत्री की एंट्री हो रही; केजरीवाल का वादा पूरा कर रहे CM भगवंत मान, मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी संभव

Punjab Cabinet Expansion Sanjeev Arora New Minister CM Bhagwant Mann
Punjab Cabinet Expansion: एक बार फिर आज पंजाब कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। सरकार में एक नए मंत्री की एंट्री हो रही है। लुधियाना वेस्ट सीट से उपचुनाव जीतकर आए नवनिर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा का मंत्री बनना तय माना जा रह है। दरअसल, उपचुनाव प्रचार के दौरान AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने लोगों से वादा किया था कि अगर संजीव अरोड़ा जीतकर आते हैं तो उन्हें पंजाब सरकार में मंत्री बनाया जाएगा। अब केजरीवाल के इसी वादे को CM भगवंत मान पूरा करने जा रहे हैं। संजीव अरोड़ा ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
चंडीगढ़ में शपथ समारोह
जानकारी के मुताबिक, आज वीरवार दोपहर 1 बजे के करीब चंडीगढ़ स्थित पंजाब राजभवन में शपथ समारोह रखा गया है। पंजाब गवर्नर गुलाब चंद कटारिया मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। यह दूसरी बार है कि जब गुलाब चंद कटारिया बतौर पंजाब गवर्नर सीएम भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के किसी मंत्री को शपथ ग्रहण करवाएंगे। इससे पहले पंजाब गवर्नर बनने के बाद गुलाब चंद कटारिया ने सितंबर 2024 में आम आदमी पार्टी के 5 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई थी। इस दौरान 4 मंत्रियों का इस्तीफा भी लिया गया था।
संजीव अरोड़ा जी लुधियाना वेस्ट से MLA बनते ही पंजाब सरकार में मंत्री बनेंगे। ये पूरे लुधियाना वेस्ट के परिवारों और उनके बच्चों की जिंदगी संवार देंगे। pic.twitter.com/1HZmQX1vEM
मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी संभव
फिलहाल, अब नए कैबिनेट मंत्री की शपथ के साथ ही मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी संभव है। कुछ मंत्रियों के विभाग उनसे वापस लिए जा सकते हैं। इसके अलावा गौर करने वाली बात यह होगी कि संभावित मंत्री संजीव अरोड़ा के पास कौन-कौन से विभाग आते हैं। माना जा रहा है कि, संजीव अरोड़ा को अहम विभाग ही सौंपे जाएँगे। वह एक वरिष्ठ नेता हैं और AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के काफी करीबी हैं। अरोड़ा ने उपचुनाव में बड़े मार्जिन से जीत हासिल की है.
पंजाब सरकार में अभी 16 मंत्री
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद मार्च 2022 में भगवंत मान के साथ 10 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद समय-समय पर मंत्रियों के इस्तीफे के साथ नए मंत्रियों के सरकार में शामिल होने का सिलसिला चलता रहा। करीब साढ़े 3 साल की आप सरकार में अब सातवीं बार यह शपथ ग्रहण समारोह होने जा रहा है। इस समय पंजाब सरकार के मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की संख्या 16 है। ज्ञात रहे कि पंजाब सरकार के मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 18 मंत्री रह सकते हैं।