हरियाणा के खिलाड़ियों ने एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में जीते कई पदक
- By Gaurav --
- Tuesday, 26 May, 2026
India Clinches Historic Success
वियतनाम के Da Nang शहर में आयोजित अंडर-23 सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में भारतीय महिला कुश्ती टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार टीम चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। इस ऐतिहासिक सफलता में हरियाणा की महिला पहलवानों का सबसे बड़ा योगदान रहा।
हरियाणा की सात महिला पहलवानों ने अलग-अलग भार वर्गों में पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया। रोहतक की मुस्कान ने 53 किलोग्राम, झज्जर की तपस्या ने 57 किलोग्राम, जींद की मानसी ने 68 किलोग्राम और सोनीपत की काजल ने 76 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं जींद की पुलकित ने भी स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ाया।
चरखी दादरी की नेहा ने 59 किलोग्राम और हिसार की स्वीटी ने 50 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। हरियाणा की बेटियों के इस शानदार प्रदर्शन के बाद प्रदेशभर में खुशी का माहौल है। खेल विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा लगातार देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान दे रहा है और बेटियां अब हर बड़े मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।
इसी चैंपियनशिप के ग्रीको रोमन वर्ग में भी हरियाणा के पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने कुल 8 पदक जीते, जिनमें हरियाणा के खिलाड़ियों के 7 पदक शामिल रहे। सोनीपत के सुमित ने 63 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि रोहतक के सूरज ने 60 किलोग्राम और पानीपत के सागर सिंह ने 67 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किए।
कांस्य पदक जीतने वालों में हिसार के सचिन (77 किलोग्राम), रोहतक के रोहित बूरा (87 किलोग्राम), हिसार के रोहित (97 किलोग्राम) और झज्जर के हरदीप (130 किलोग्राम) शामिल रहे। 72 किलोग्राम वर्ग में विनीत और 82 किलोग्राम वर्ग में अमित गोपे ने भी भारत का प्रतिनिधित्व किया।
भारतीय ग्रीको रोमन टीम ने कुल 1 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।