किसी भी हालत में चुनाव लूटने के जुनून में आप सरकार महिलाओं का सम्मान भी भूल गई-सुनील जाखड़
Obsession with Hijacking the Elections
– मुख्यमंत्री को चेतावनी: कांटे बोकर अपने लिए कांटों की सेज तैयार न करें
– गनीव कौर मजीठिया के साथ पुलिस की ज्यादती की कड़ी निंदा
– लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा दृढ़, सरकार के हर अत्याचार का होगा मुकाबला
चंडीगढ़, 18 मई: Obsession with Hijacking the Elections: किसी भी तरीके से स्थानीय निकाय चुनाव जीतने के जुनून में अहंकारी हो चुकी भगवंत मान सरकार अब महिलाओं का सम्मान करना भी भूल गई है। ये शब्द पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने एक प्रेस बयान में कहे।
भाजपा अध्यक्ष ने विधायक गनीव कोई मजीठिया के साथ एक पुलिस अधिकारी द्वारा किए गए दुर्व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा:
“‘मावां धीआं सत्कार योजना’ के नाम पर करोड़ों रुपये प्रचार पर खर्च करने वाली मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार का पुलिस तंत्र जिस तरह एक महिला विधायक गनीव कौर मजीठिया के साथ व्यवहार कर रहा है, उसने इस सरकार का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है। महिला विधायक और अन्य महिलाओं के साथ पुलिस की धक्केशाही की मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। भगवंत मान जी, पंजाब लोकतंत्र से चलेगा, पुलिस तंत्र से नहीं।”
सुनील जाखड़ ने कहा कि जैसे आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कुछ महीने पहले चुनाव जीतने के लिए अपने तंत्र को किसी भी तरीके का इस्तेमाल करने की “ट्रेनिंग” दी थी, उसी पर अमल करते हुए यह पार्टी अब महिलाओं के सम्मान की भारतीय मर्यादा भी भूल चुकी है। कहीं एनओसी न देना, कहीं नामांकन के दौरान कागज छीनकर भाग जाना और कहीं गैरकानूनी तरीके से कागज रद्द करना जैसे सभी हथकंडे यह पार्टी चुनाव लूटने के लिए अपना रही है।
उन्होंने कहा कि इस सबके बीच जिस तरह का अत्यंत निंदनीय व्यवहार एक महिला विधायक के साथ इस सरकार के राज में हुआ है, वह इसके महिला विरोधी रवैये को उजागर करने के लिए काफी है।
भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे कांटे न बोएं जिनकी चुभन बाद में खुद उन्हें तकलीफ दे। उन्होंने कहा कि “कीकर बोकर फूल नहीं मिलते।” उन्होंने कहा कि पंजाब हर गतिविधि को देख रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुसार निष्पक्ष चुनाव होने दे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के हर अत्याचार का डटकर विरोध करेगी और हर हाल में लोकतंत्र की रक्षा की जाएगी।