Dhurandhar 2 में रणवीर सिंह VFX से नहीं बने भूत, मुंह पर थोपा गया किलोभर मेकअप, तब अंधेरा चीरकर निकला हमजा
Ranveer Singh Ghost Transformation
हैदराबाद: Ranveer Singh Ghost Transformation: 'धुरंधर: द रिवेज' दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर दमदार परफॉर्म कर रही है. इस बीच रणवीर सिंह का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सबका होश उड़ा दिया है. यह वीडियो रणवीर के घोस्ट लुक का है. इस लुक को अंजाम देने के लिए लोग सोच रहे थे कि मेकर्स ने इसके लिए वीएफएक्स का इस्तेमाल किया है, लेकिन सच कुछ और ही है. आइए आपको भी दिखाते हैं रणवीर सिंह के घोस्ट ट्रांसफॉर्मेंशन की एक झलक...
'धुरंधर 2' की प्रोस्थेटिक आर्टिस्ट प्रीतिशील सिंह ने 22 मार्च को रणवीर सिंह का एक 'बिहाइंड-द-सीन्स' वीडियो अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसमें वह इंटरवल के बाद के एक अहम सीन के लिए 'भूत' के किरदार में ढलते हुए नजर आ रहे हैं.
ट्रांसफॉर्मेशन का यह वीडियो शेयर करते हुए प्रीतिशील ने इसके कैप्शन में लिखा है, 'जब आपका मन थक जाता है, तो भ्रम अपने झूठ को ऐसे रंगों में रंग देता है, जिन पर आप चाहकर भी विश्वास करने लगते हैं.'
इस वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा है, 'मुझे लगा कि यह VFX है.' एक ने लिखा है, 'मुझे तो सच में लगा था कि यह कंप्यूटर ग्राफिक्स का कमाल है. वाह! यह तो कमाल का है.' एक ने सवाल करते हुए लिखा है, 'क्या, वह सीन CGI नहीं था? उन्होंने सच में उस सीन के लिए मेकअप किया था.'
यह लुक फिल्म के एक अहम सीन में दिखाई देता है, जहां धारणा और असलियत के बीच का फर्क मिटने लगता है. बारीकी से किया गया यह ट्रांसफॉर्मेशन एक अवास्तविक, डरावनी मौजूदगी को उभारता है, जो उस सीन के मनोवैज्ञानिक तनाव को और भी बढ़ा देता है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर के इस किरदार को लुक देने के लिए कम से कम 2 घंटे लगे होंगे. वीडियो में 4 से 5 स्पेशलिस्ट एक साथ उनके चेहरे, दाढ़ी, बालों और गर्दन पर काम करते हुए देखे जा सकते हैं. वे उनके चेहरे पर रेखाएं खींचते हैं.
ऐसा लगता है मानो आदित्य धर ने निर्देश दिए हों कि दर्शकों को वह सब दिखाया जाए, जो ड्रग्स के असर में पिंडा को मतिभ्रम के रूप में दिखाई दे रहा है. और जिन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है, उनके लिए बता दें कि उस मोड़ के बाद से, रणवीर सिंह का किरदार हमजा अली मजारी पाकिस्तान में आतंकवादियों का काल बन जाता है.