अलीगढ़ में प्रेमी ने प्रेमिका को मारकर वीडियो बनाया, बोला- The End… फिर ट्रेन से कटकर दे दी जान
Murder And Suicide In Love Affair
अलीगढ़ : Murder And Suicide In Love Affair: अकराबाद थाना क्षेत्र से प्रेम-प्रसंग में युवक-युवती के खौफनाक अंत का मामला सामने आया है. बताया जा रहा कि युवती की हत्या के बाद युवक ने आत्महत्या कर ली. युवती का शव गांव के एक खाली पड़े मकान से बरामद हुई. जबकि युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है. फिलहाल अकराबाद और गांधी पार्क थाने की पुलिस संयुक्त रूप से वारदात के पहलुओं की जांच कर रही है.
बताया गया कि बीती 13 मार्च को एक व्यक्ति ने अपनी 20 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा अकराबाद थाना क्षेत्र के नगला पूसा गांव के शशि कपूर के खिलाफ दर्ज कराया था. केस दर्ज करने के बाद पुलिस टीम युवक और युवती की तलाश में जुटी थी. इसी दिन देर रात सूचना मिली कि आरोपी शशि कपूर का शव गांधी पार्क थाना क्षेत्र के भदेशी फाटक के पास बरामद हुआ है. घटनास्थल की जांच में प्रथमदृष्ट्या आत्महत्या की बात सामने आई. आत्महत्या की सूचना शशि कपूर ने अपने भाई को फोन से दी थी. युवक ने आत्महत्या से पहले वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने 'द एंड' कहकर अपनी बात समाप्त की.
सीओ कमलेश कुमार के अनुसार युवक की आत्महत्या के बाद युवती की तलाश की जा रही थी. इसी दौरान शनिवार को नगला पूसा गांव के एक खंडहरनुमा मकान में युवती का शव पड़ा होने की सूचना मिली. शव की शिनाख्त के बाद परिजनों ने दुष्कर्म और फिर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवती की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.