यूपी के बिजली उपभोक्ताओं के लिए काम की खबर, 16 घंटे नहीं कर पाएंगे ये काम, जानिए क्या है वजह
No Electricity Related Work
No Electricity Related Work: उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अहम सूचना जारी की है. 3 अप्रैल शुक्रवार रात 10 बजे से 4 अप्रैल शनिवार दोपहर 2 बजे तक कुल 16 घंटे के लिए बिजली से जुड़ी कई सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी. इस दौरान उपभोक्ता न तो बिजली का बिल जमा कर सकेंगे और न ही प्रीपेड मीटर रिचार्ज कर पाएंगे.
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन की आईटी सेल के अधीक्षण अभियंता अरविंद सिंह द्वारा जारी सर्कुलर के मुताबिक, इस अवधि में आरएमएस (RMS) बिलिंग सिस्टम का मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा. मेंटेनेंस के चलते ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार की सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी.
इन सेवाओं पर पड़ेगा असर
- उपभोक्ता पोर्टल.
- यूपीपीसीएल कंज्यूमर मोबाइल ऐप.
- ऑनलाइन बिजली बिल भुगतान.
- ऑफलाइन बिल भुगतान.
- प्रीपेड मीटर रिचार्ज.
प्रदेशभर में जारी किया गया सर्कुलर
यह सर्कुलर प्रदेश की सभी प्रमुख बिजली वितरण कंपनियों को भेजा गया है, जिनमें शामिल हैं- पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड और कानपुर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी.
उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सलाह
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिनके प्रीपेड मीटर में बैलेंस कम है, वे 3 अप्रैल को ही रिचार्ज करा लें. यदि बैलेंस खत्म हो जाता है और इस दौरान रिचार्ज नहीं हो पाता तो शनिवार को बिजली आपूर्ति में परेशानी हो सकती है. यह मेंटेनेंस कार्य बिजली बिलिंग सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को अधिक सुगम और तेज सेवाएं मिल सकें.