हिमाचल कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक:रोपवे परियोजनाओं समेत कई अहम फैसलों पर होगी चर्चा
Important meeting of Himachal Cabinet
शिमला। Important meeting of Himachal Cabinet: हिमाचल प्रदेश राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आज (शनिवार) को आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू करेंगे। सुबह 11 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में कई अहम निर्णय लिए जाएंगे। बैठक में रोपवे परियोजनाओं को चर्चा के लिए रखा जाएगा।
परवाणु से तारादेवी रोप-वे परियोजना को चर्चा के लिए रखा जाएगा। इसमें रोपवे चलाने के लिए कंपनी की समय सीमा निर्धारित करना, तय शर्त से कम लोग यदि रोपवे में सफर करते हैं तो नुकसान की भरपाई व ज्यादा संख्या रहती है तो सरकार की हिस्सेदारी कितनी होगी इस पर निर्णय लिया जाना है।
अभी तक टेंडर में सरकार ने 40 साल की अवधि तय की है। कंपनियां इसे बढ़ाने की बात कर रही है। तारादेवी शिमला रोपवे पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि सरकार इस रोपवे के लिए नए सिरे से टेंडर करने का निर्णय ले चुकी है।
18 मार्च से विधानसभा बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। सत्र में आने वाले बिलों को भी कैबिनेट मंजूरी के लिए रखा जाएगा। इसके अलावा जो बिल राज्यपाल के पास लंबित पड़े हैं उन्हें दोबारा सदन में लाने पर विचार हो सकता है।
बैठक में बताएंगे कैसे होगी बचत
पिछली कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को निर्देश दिए थे कि वे बताए कि कैसे खर्चों में कटौती की जा सकती है और आय को बढ़ाया जा सकता है। मंत्री बताएंगे कि उन्होंने अपने अपने विभागों में क्या नए कार्य शुरू किए हैं और आगे की क्या योजना है।
बैठक में विभागों में खाली पदों को भरने, लोक निर्माण, जल शक्ति सहित अन्य कुछ विभागों में कनिष्ठ अभियंताओं के पद भरने का प्रस्ताव भी चर्चा के लिए रखा है। बैठक में पंचायत चुनाव व नई पंचायतों के गठन का ब्यौरा भी रखा जाएगा।