UP प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में 'IIT कानपुर' कराएगा भर्ती परीक्षा; 27 अप्रैल को 15 शहरों में होगा मुकाबला
IIT Kanpur to Conduct Recruitment Exam for UP
लखनऊ। IIT Kanpur to Conduct Recruitment Exam for UP, आइआइटी, एनआइटी, ट्रिपल आइटी जैसे शीर्ष संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली गेट (ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग) की तरह उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी अपने यहां भर्तियां कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) के आधार पर करने जा रहा है।
बोर्ड ने परीक्षा आयोजित कराने का जिम्मा आइआइटी कानपुर को सौंपा है। बोर्ड की पहली भर्ती परीक्षा 27 अप्रैल को 15 शहरों में होने जा रही है। 400 अंकों की दो घंटे की यह परीक्षा पर्यावरण अभियंता और सहायक वैज्ञानिक अधिकारी के 40 पदों पर भर्ती के लिए हो रही है।
बोर्ड ने पिछले माह पर्यावरण अभियंता और सहायक वैज्ञानिक अधिकारियों की भर्ती के लिए आनलाइन आवेदन आमंत्रित किया था। इसमें करीब 6500 आवेदन आए हैं। बोर्ड पहली बार लिखित परीक्षा के जरिए भर्ती करने जा रहा है।
70 अंकों का साक्षात्कार
अभी तक यहां केवल साक्षात्कार के जरिए ही चयन होता था। चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी। इसके बाद 70 अंकों का साक्षात्कार होगा। कुल 470 अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
लिखित परीक्षा में परीक्षार्थियों की पहचान और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक और सुरक्षा प्रक्रिया अपनाई जाएगी। ये उपाय नकल रोकने और सही उम्मीदवार की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए की जाएगी।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के समय उम्मीदवार का फिंगरप्रिंट स्कैन लिया जाएगा। यह डाटा भविष्य में भी मिलान के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। केंद्र पर उम्मीदवार की लाइव फोटो खींची जाएगी। इसे एडमिट कार्ड और आवेदन फार्म की फोटो से मिलाया जाएगा। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे वही आइडी लेकर परीक्षा देने आएं जो फार्म में लगाई हो ताकि मिलान आसानी से हो सके।
इन शहरों में होगी भर्ती परीक्षा
लखनऊ, गौतमबुद्धनगर, वाराणसी, प्रयागराज, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, आगरा, झांसी, मेरठ, अलीगढ़, सहारनपुर, बरेली, अयोध्या व मुरादाबाद