एचटेट अभ्यर्थियों को बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन का आखिरी मौका
- By Gaurav --
- Saturday, 23 May, 2026
HTET Candidates Get Final
Board of School Education Haryana ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)-2024 से संबंधित अभ्यर्थियों को बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन का अंतिम अवसर दिया है। बोर्ड की ओर से 8 और 9 जून 2026 को बोर्ड मुख्यालय भिवानी में बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
बोर्ड प्रवक्ता के अनुसार एचटेट परीक्षा का आयोजन 30 और 31 जुलाई 2025 को किया गया था, जबकि परीक्षा परिणाम 10 नवंबर 2025 को घोषित किया गया था। परिणाम जारी होने से पहले विभिन्न जिलों में स्थापित केंद्रों पर अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन प्रक्रिया करवाई गई थी। इसके बाद जिन अभ्यर्थियों की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी, उन्हें 12 से 14 नवंबर तथा 19 से 21 नवंबर 2025 तक दूसरा अवसर भी दिया गया था।
बोर्ड ने स्पष्ट किया कि जिन अभ्यर्थियों ने अब तक बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन पूरा नहीं करवाया है, उनका परिणाम जारी नहीं किया गया है और उनके परिणाम में आरएलवी (Result Late Due to Verification) दर्शाया गया है। ऐसे अभ्यर्थी अब 8 और 9 जून 2026 को बोर्ड मुख्यालय पहुंचकर अपनी प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं।
बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन के लिए अभ्यर्थियों को फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र और मूल एडमिट कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। बोर्ड ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों की वैरीफिकेशन प्रक्रिया लंबित है, उन्हें उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर सूचना भी भेजी जाएगी।