हाईकोर्ट के आदेश पर HSSC ने जारी किया ग्रुप C-D का संशोधित रिजल्ट, चेयरमैन हिम्मत सिंह ने अभ्यर्थियों से मांगी प्रतिक्रिया
HSSC Releases Revised
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने ग्रुप-सी और ग्रुप-डी के विभिन्न पदों का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है। यह संशोधित रिजल्ट पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के बाद घोषित किया गया है। आयोग द्वारा वर्ष 2023 में आयोजित ग्रुप-सी भर्ती परीक्षा के तहत असिस्टेंट लाइनमैन (ALM), दमकल विभाग में फायरमैन कम ड्राइवर सहित अन्य पदों के परिणाम दोबारा जारी किए गए हैं। कुल 590 पदों से संबंधित संशोधित परिणाम जारी होने की जानकारी दी गई है।
इसके अलावा ग्रुप-डी में खेल कोटे से संबंधित पदों का परिणाम भी पुनः घोषित किया गया है। इन पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2018 में शुरू हुई थी। लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के नवनियुक्त चेयरमैन Himmat Singh ने सोशल मीडिया के माध्यम से सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी उम्मीदवार को संशोधित परिणाम को लेकर किसी प्रकार की समस्या, आपत्ति या जानकारी देनी है तो आयोग द्वारा जारी गूगल फॉर्म के माध्यम से अपनी बात सीधे आयोग तक पहुंचा सकते हैं।
चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि जिन अभ्यर्थियों के परिणाम रोके गए थे या जिनके परिणाम में बदलाव किया गया है, वह पूरी प्रक्रिया हाईकोर्ट के आदेशों और निर्धारित नियमों के अनुसार की गई है। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे HSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना संशोधित परिणाम अवश्य जांच लें।