HP Police Constable Recruitment 2026

हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026: 734 पदों के लिए आवेदन शुरू, 6 अगस्त तक करें अप्लाई

hpp

HP Police Constable Recruitment 2026

शिमला: हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में 734 पुलिस कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) पदों पर नियमित भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने शुक्रवार को भर्ती से संबंधित पात्रता, चयन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न का विस्तृत विवरण जारी किया।

चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति क्लास-3 (गैर-राजपत्रित) पदों पर होगी। उन्हें पे-बैंड लेवल-3 के तहत 20,200 रुपये से 64,000 रुपये तक का वेतन मिलेगा।

भर्ती प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) और फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) आयोजित किए जाएंगे, जिनकी वीडियोग्राफी होगी। आवश्यकता पड़ने पर अभ्यर्थियों का ड्रग/डोप टेस्ट भी कराया जा सकता है। इसके बाद पात्र उम्मीदवारों की 90 अंकों की OMR आधारित लिखित परीक्षा होगी। सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और अंत में मेडिकल परीक्षण के बाद अंतिम चयन किया जाएगा।

लिखित परीक्षा दो घंटे की होगी, जिसमें 90 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। परीक्षा में 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी। यदि कोई अभ्यर्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है, तो उसे OMR शीट में 'E' विकल्प भरना होगा। प्रश्न खाली छोड़ने पर भी नेगेटिव मार्किंग लागू होगी।

अंतिम मेरिट 100 अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। इसमें लिखित परीक्षा के 90 अंक, ऊंचाई के अधिकतम 6 अंक और NCC प्रमाणपत्र के अधिकतम 4 अंक शामिल होंगे। NCC 'C' सर्टिफिकेट पर 4 अंक, 'B' पर 2 अंक और 'A' सर्टिफिकेट पर 1 अंक दिया जाएगा।

आयोग ने सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए 600 रुपये का आवेदन शुल्क निर्धारित किया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 6 अगस्त निर्धारित की गई है।

आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन भरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। जन्मतिथि के लिए केवल मैट्रिक या सेकेंडरी परीक्षा प्रमाणपत्र में दर्ज तिथि ही मान्य होगी। आवेदन जमा होने के बाद जन्मतिथि में किसी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि आवेदन और प्रमाणपत्र में जन्मतिथि अलग पाई गई, तो अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।