Gian Chand Gupta: पंचकूला सीट पर कैसे हार गए थे ज्ञान चंद गुप्ता? पूर्व हरियाणा विधानसभा स्पीकर ने खुद बताई वजह

'पंचकूला सीट पर मैं कांग्रेस के इस एक काम से हारा'; हरियाणा BJP नेता ज्ञान चंद गुप्ता ने अर्थ प्रकाश को क्या बताया? यहां पढ़ें

How Gyan Chand Gupta Lost The Panchkula Seat Know Reason For Losing

How Gyan Chand Gupta Lost The Panchkula Seat Know Reason For Losing

Gian Chand Gupta: हरियाणा बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने अर्थ प्रकाश के साथ खास बातचीत के दौरान 2024 चुनाव में पंचकूला सीट हारने को लेकर बड़ी वजह बताई है। अर्थ प्रकाश समूह के सीईओ अक्षित जैन ने जब उनसे सवाल किया कि चुनाव में लोग किसी उम्मीदवार को व्यक्तिगत देखते हुए वोट करते हैं या पार्टी को देखते हुए? इस पर जवाब देने के दौरान उन्होंने बताया कि वह पंचकूला सीट कैसे हार गए? उनका कहना था कि उनकी हार की वजह कांग्रेस का नरेटिव बना। कांग्रेस ने पूरे हरियाणा में कांग्रेस सरकार आने का नरेटिव बनाया। जिसका बहुत पड़ा असर पंचकूला सीट पर हुआ। यहां के लोगों ने मान लिया की कांग्रेस सरकार आ रही है।

ज्ञान चंद गुप्ता कहते हैं, ''उम्मीदवार और पार्टी दोनों चीजे हैं। प्राथमिकता पार्टी की वर्किंग, पार्टी की परफ़ॉर्मेंस और वह पार्टी जहां भी सत्ता में आई उसने वहां विकास के क्या काम किए, पार्टी की क्या पॉलिसी रहीं, क्या पार्टी ने इलाके के लिए काम किए? यह सब देखकर लोग वोट करते हैं। और दूसरा जो व्यक्ति चुनाव लड़ रहा है उसे भी कहीं न कहीं देखकर वोटर अपना मन बनाता है। वोटर उसके बैकग्राउंड को देखता है। वह उसके काम करने के तरीके को देखता है। उसने लोगों के काम किए या नहीं किए, उसका संपर्क और व्यवहार कैसा रहा है? यह सब देखकर वोटर फैसला करता है। लेकिन कई बार ऐसा माहौल बना दिया जाता है की लोग भ्रमित हो जाते हैं।''

ज्ञान चंद गुप्ता आगे कहते हैं, ''चुनाव में नरेटिव बड़ा काम करता है जैसे 'इसकी सरकार आ रही है, उसकी सरकार आ रही है।' जैसे इस बार पूरे हरियाणा के अंदर कांग्रेस ने नरेटिव बना दिया की कांग्रेस की सरकार आ रही है। मुझे लगता है की कांग्रेस का यह जो नरेटिव था इसका बहुत बड़ा असर पंचकूला की विधानसभा सीट पर पड़ा। क्योंकि यहां लगभग लोगों ने मान लिया था की हरियाणा में काँग्रेस की सरकार आ रही है लेकिन वास्तविकता कुछ और ही थी। कांग्रेस ने सिर्फ ऊपर से जीत की हवा बनाई। ग्राउंड पर कुछ नहीं था। लेकिन पंचकूला के लोग इससे भ्रमित हो गए।''

ज्ञान चंद गुप्ता का पूरा इंटरव्यू

1996 का PM मोदी का वो किस्सा क्या? पूर्व हरियाणा विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता का Exclusive इंटरव्यू, यहां पढ़िए

2024 का विधानसभा चुनाव हार गए थे गुप्ता

गौरतलब है कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में पंचकूला विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। जिससे यहां बीजेपी को बड़ा झटका लगा। कांग्रेस उम्मीदवार चंद्र मोहन ने बीजेपी के ज्ञान चंद गुप्ता को 1976 वोटों से हराया था। चंद्र मोहन को कुल 67,253 वोट पड़े थे। जबकि, बीजेपी उम्मीदवार ज्ञान चंद गुप्ता 65,277 वोट ही हासिल करने में कामयाब हो पाए। इस तरह से गुप्ता को चंद्र मोहन से हार का सामना करना पड़ा।

हैट्रिक बनाने से चूक गई बीजेपी

पंचकूला विधानसभा सीट पर इस बार बीजेपी के सामने हैट्रिक लगाने का मौका था। लेकिन ज्ञान चंद गुप्ता की हार के साथ बीजेपी के हाथ निराशा लगी। पंचकूला सीट पर बीजेपी हैट्रिक लगाने से चूक गई। हालांकि बीजेपी को यह उम्मीद नहीं थी कि वह पंचकूला सीट खो देगी लेकिन परिणाम अपेक्षा के मुताबिक नहीं रहा। वहीं विधानसभा स्पीकर रहकर ज्ञान चंद गुप्ता का हार जाना भी उनकी साख को चोट करने वाला रहा।

2009 में पहली बार अस्तित्व में आई पंचकूला सीट

ज्ञात रहे कि हरियाणा की पंचकूला विधानसभा सीट 2009 में पहली बार अस्तित्व में आई थी। 2009 के चुनाव में यहां कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार देवेंद्र कुमार बंसल को जीत मिली थी। इसके बाद यह सीट बीजेपी के पास चली गई। पहले 2014 और फिर बाद में 2019 के विधानसभा चुनाव में पंचकूला सीट पर ज्ञान चंद गुप्ता यहां के बीजेपी विधायक बने। दोनों ही चुनाव में गुप्ता पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरे थे और जीत दिलाई थी। गुप्ता ने पंचकूला विधायक बनने के अपने पहले कार्यकाल में चीफ व्हिफ की ज़िम्मेदारी भी संभाली। इसके बाद दूसरे कार्यकाल में उन्होंने हरियाणा विधानसभा स्पीकर जैसे अहम पद पर काम किया।