किसान पथ पर भीषण सड़क हादसा: कार और बाइक की टक्कर में दो दोस्तों की मौत

किसान पथ पर भीषण सड़क हादसा: कार और बाइक की टक्कर में दो दोस्तों की मौत

lucknow-news-(57)-1773615370894_v

Horrific Road Accident on Kisan Path

लखनऊ। Horrific Road Accident on Kisan Path, किसान पथ पर रविवार शाम कार और बाइक की भीषण टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखचे उड़ गए। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और कार कब्जे में ली है।

सरोजनी नगर इंस्पेक्टर राजदेव राम प्रजापति ने बताया कि रविवार शाम किसान पथ पर दरोगा खेड़ा के पास बाइक और कार में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बिहार के भोजपुर निवासी 20 वर्षीय विनीत पाल और सरोजनी नगर के नई बस्ती निवासी 15 वर्षीय सोनू दोस्त थे और बाइक लेकर किसी काम से निकले थे।

किसान पथ पर उनकी बाइक सामने से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार से टकरा गई। टक्कर लगने से दोनों युवक लगभग पांच मीटर तक सड़क पर घिसट गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने दोनों को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विनीत को मृत घोषित कर दिया। सोनू की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। देर रात ट्रॉमा सेंटर में सोनू की भी मौत हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिवारजन ने अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। कार नंबर के आधार पर चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है।

वाहनों की लगी कतार

घटना के बाद किसान पथ पर वाहनों की कतार लग गई। सरोजनी नगर पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे करवाकर यातायात सुचारु कराया।