मणिकर्ण घाटी में भीषण हादसा: 100 फीट गहरी खाई में गिरी पंजाब के पर्यटकों की कार; 2 की मौत, 8 साल की बच्ची समेत 3 गंभीर
Horrific accident in Manikaran Valley
कुल्लू। Horrific accident in Manikaran Valley, जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंजाब से आए पर्यटकों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा सरसाड़ी क्षेत्र के पास उस समय पेश आया जब पर्यटकों से भरी एक कार नंबर पीबी 08 एफके 8223 अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 फ़ीट नीचे जा गिरी।
दुर्घटना में कार में सवार पांच लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक आठ वर्षीय बच्ची भी शामिल है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस तथा राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे।
-1781269326412.jpeg)
बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल पर्यटकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन पंजाब नंबर का है और उसमें सवार सभी लोग पर्यटक थे। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि माना जा रहा है कि वाहन चालक का नियंत्रण खोने से यह दुर्घटना हुई।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा की मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मणिकर्ण घाटी की दुर्गम सड़कों पर लगातार बढ़ती पर्यटकों की आवाजाही के बीच यह हादसा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय प्रशासन ने वाहन चालकों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतकों और घायलों की पहचान संबंधी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।