Hooda Demands High-Level Probe

पंचकूला FD घोटाले पर हुड्डा का हमला, उच्च स्तरीय जांच की मांग

pp

Hooda Demands High-Level Probe

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार के कार्यकाल में विकास के काम भले कम दिखाई देते हों, लेकिन घोटालों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं।

पंचकूला नगर निगम में सामने आए 160 करोड़ रुपये के एफडी घोटाले पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि फर्जी एफडी दस्तावेज जमा कर जनता के करोड़ों रुपये हड़प लिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इतना बड़ा घोटाला सरकारी मिलीभगत के बिना संभव नहीं है, इसलिए पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में इससे पहले भी कई घोटाले सामने आ चुके हैं। उन्होंने 590 करोड़ रुपये के आईडीएफसी घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि अब पंचकूला नगर निगम में भी उसी तरह का मामला सामने आया है।

इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि मंडियों में आलू खरीद भावांतर योजना के नाम पर भी घोटाला किया जा रहा है। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक संसाधनों को भी नहीं छोड़ा गया है। उनके मुताबिक सरकारी संरक्षण में माफिया द्वारा मोरनी डिवीजन और यमुनानगर डिवीजन में पिछले तीन-चार महीनों के दौरान सैकड़ों करोड़ रुपये के कीमती खैर के पेड़ों की अवैध कटाई और चोरी की गई है।

उन्होंने मांग की कि इन सभी मामलों की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए ताकि जनता के पैसे की लूट पर रोक लगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।