विधानसभा अपडेट: होली-उतराला सड़क निर्माण में आएगी तेजी और आपदा राहत राशि पर तीखी बहस
Holi-Utrala Road Construction to Accelerate
शिमला। Holi-Utrala Road Construction to Accelerate; राज्य लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि होली-उतराला सड़क की कुल लंबाई 71 किलोमीटर है। कांगड़ा से चंबा जिला के दुर्गम क्षेत्रों को जोड़ने वाली इस सड़क के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल के प्रश्न के उत्तर में विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस सड़क का 39 किमी भाग (होली से सुराही पास) भरमौर मंडल व 32 किमी भाग (सुराही पास से उतराला) बैजनाथ मंडल के अधीन पड़ता है।
भरमौर क्षेत्र में सड़क निर्माण पूरा
भरमौर मंडल के तहत सड़क निर्माण कार्य स्टेट हेड के तहत पूर्ण कर लिया गया है। उक्त सड़क पर ब्लैक टाप का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। इलाका माता मंदिर से सुराही पास फारमेशन कटिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सुराही नाला पर एक 40 मीटर स्पेन स्टील ट्रस पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
बैजनाथ मंडल का कार्य तीन चरण में
बैजनाथ मंडल के तहत उतराला से सुराही पास सड़क की कुल लंबाई 32 किमी है। इस कार्य को तीन चरणों में पूरा किया जाना प्रस्तावित है। प्रथम चरण के कार्य उतराला से बकलूड की स्वीकृति नाबार्ड के तहत की गई है। इसका कार्य पूर्ण हो चुका है।
दूसरे चरण को मंजूरी
दूसरे चरण का कार्य को मंजूरी मिल चुकी है। इस भाग की तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। इसका वर्किंग एस्टीमेट का कार्य मुख्य अभियंता कार्यालय, मंडी जोन में प्रक्रियाधीन है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इसके तीसरे चरण का काम जल्द पूरा किया जाएगा। विधायक डा. जनक राज व सुधीर शर्मा ने भी अनुपूरक सवाल पूछा।
विधायक ने योजना को ठीक से नहीं समझा : नेगी
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि गत वर्ष आपदा के कारण करसोग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में आंशिक एवं पूर्ण रूप से प्रभावित हुए परिवारों को विभाग एवं सरकार द्वारा 4 करोड़ 17 लाख 10 हजार की राहत धनराशि प्रदान की गई। जिसमें से पूर्णतः क्षतिग्रस्त 92 घरों के लिए 2 करोड़ 95 लाख 10 हजार व आंशिक क्षतिग्रस्त 122 घरों के लिए 1 करोड़ 22 लाख की धनराशि वितरित की गई है।
इस संबंध में मकान क्षति के लिए किसी भी परिवार को राहत धनराशि का भुगतान शेष नहीं है। विधायक दीपराज ने मूल प्रश्न के उत्तर पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो राशि बताई है उसका हिसाब गलत है। इस पर राजस्व मंत्री ने कहा कि विधायक ने योजना को ठीक से नहीं समझा। सूचना गत वर्ष की मांगी गई है और उत्तर भी यही दिया गया है। यह राशि किस्तों में दी जा रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का पैसा भी इसमें जोड़ा
भवन को पूर्णत: नुकसान, आंशिक रूप से नुकसान के तहत मिलती है। विधायक ने जानना चाहा कि क्या प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत केंद्र जो राशि जारी करता है उसे भी इसमें शामिल किया जाता है। इस पर नेगी ने कहा कि केंद्र के 1.20 लाख को भी इसमें जोड़ा जाता है।