हिमाचल की बेटी प्रकृति सूद बनीं सेना में लैफ्टिनेंट, कांगड़ा में खुशी की लहर
- By Gaurav --
- Friday, 08 May, 2026
Himachal’s Daughter Prakriti Sood
हिमाचल प्रदेश की एक और होनहार बेटी ने भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट बनकर प्रदेश और अपने जिले का नाम रोशन किया है। कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां की 23 वर्षीय प्रकृति सूद ने भारतीय सेना में स्थायी कमीशन प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्रकृति सूद ने बेंगलुरु स्थित भारतीय सैन्य नर्सिंग सेवा के कमांड अस्पताल से चार वर्ष का कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। 8 मई को आयोजित पासिंग आउट परेड में भारतीय वायु सेना के उप प्रमुख Naresh Saida मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने प्रकृति को भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में शामिल किया।
प्रकृति एक शिक्षित परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता मनीष सूद नगरोटा बगवां के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रवक्ता हैं, जबकि माता रोजी सूद राजकीय उच्च विद्यालय रौंखर में अध्यापिका हैं। परिवार की उपलब्धियां केवल शिक्षा तक सीमित नहीं हैं। उनका छोटा भाई राष्ट्रीय स्तर का टेबल टेनिस खिलाड़ी है, जो पिछले आठ वर्षों से हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहा है और 15 से अधिक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुका है।
प्रकृति सूद की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।