कडू नाला हादसे में बुझा एक परिवार का चिराग, मां और छह माह की बेटी की मौत से पांगी में पसरा मातम

1000269686

Family devastated by tragedy at Kadu Nala

चंबा। Family devastated by tragedy at Kadu Nala, लाहौल के कडू नाला में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। इस हादसे की सबसे मार्मिक घटनाओं में से एक पांगी की परमार भटोरी निवासी सोमन आंगमो और उनकी छह माह की मासूम बेटी आरू की मौत है।

जानकारी के अनुसार, सोमन आंगमो पुत्री जीवन सिंह, निवासी गांव परमार भटोरी, डाकघर कुमार, तहसील पांगी, जिला चंबा, अपनी छह माह की बेटी आरू के साथ कुल्लू से पांगी स्थित अपने मायके लौट रही थीं। इसी दौरान कडू नाला के समीप भूस्खलन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, सोमन आंगमो का रिश्ता लाहौल की मायाड़ घाटी के छलिंग गांव निवासी छेरिंग दोर्जे के साथ तय हुआ था और इसी वर्ष दोनों का विवाह होना था। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था और घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन कडू नाला में हुए इस भीषण हादसे ने उन सभी सपनों को पल भर में उजाड़ दिया।

मां और छह माह की मासूम बेटी की एक साथ मौत की खबर से परमार भटोरी और छलिंग गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में इस हृदयविदारक घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।

स्थानीय लोगों ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से हादसे में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता, उचित मुआवजा तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की है।