ओमान हमले में मारे गए हिमाचल के आदित्य के पिता की गुहार, 'मेरे बच्चे का शव घर ला दो'; CM सुक्खू ने दिया भरोसा
Father of Aditya from Himachal,
हमीरपुर। Father of Aditya from Himachal,ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास एक तेल टैंकर पर हुए भीषण हमले में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर के युवक की भी जान चली गई। इस जहाज पर डेक कैडेट के तौर पर तैनात आदित्य शर्मा हमले के बाद से लापता थे, जिन्हें 11 जून को आधिकारिक तौर पर मृत घोषित कर दिया गया। इस दुखद खबर के बाद से आदित्य के घर और पूरे इलाके में मातम छाया हुआ है।
आदित्य शर्मा उन तीन भारतीय नाविकों में शामिल थे, जो इस वीभत्स हमले के बाद से लापता चल रहे थे। मौत की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता ने रोते हुए सरकार से लगाई गुहार
आदित्य शर्मा के पिता राजेश शर्मा ने भावुक होकर सरकार से अपने बेटे के अंतिम दर्शन कराने की मांग की है। उन्होंने कहा, "सरकार से मेरी बार-बार यही गुजारिश है कि मेरे बच्चे का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द यहां लाया जाए, ताकि हम पूरे विधि-विधान से उसका अंतिम संस्कार कर सकें।"
प्रशासन और विदेश मंत्रालय हुआ सक्रिय
बेटे को खो चुके पिता ने बताया कि उन्होंने इस संकट की घड़ी में स्थानीय प्रशासन और नेताओं से संपर्क साधा है। राजेश शर्मा ने कहा, "मैंने अनुराग ठाकुर और स्थानीय प्रशासन से बात की है। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी संपर्क किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खुद फोन पर मुझसे बात की और पूरा भरोसा दिलाया है।"
उन्होंने आगे बताया कि केंद्रीय नेता अनुराग ठाकुर के आश्वासन के बाद परिवार ने सभी जरूरी दस्तावेज प्रशासन को सौंप दिए हैं, जिन्हें विदेश मंत्रालय (MEA) को भेज दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में ओमान में मौजूद भारतीय दूतावास और ओमान सरकार के साथ जानकारी साझा कर दी है, ताकि पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।