हिमाचल-पंजाब सीमा पर ‘खालसा एंट्री टैक्स’ विवाद से बढ़ा तनाव, सरकार ने कार्रवाई की मांग की

Tension Escalates on Himachal-Punjab Border

Tension Escalates on Himachal-Punjab Border

शिमला. Tension Escalates on Himachal-Punjab Border, हिमाचल प्रदेश की सीमा पर एंट्री टैक्स विवाद को लेकर आम जनता पिस रही है. सुक्खू सरकार ने एंट्री टैक्स में भारी इजाफा किया था और अब पंजाब की तरफ से निहंग सिखों ने    ‘खालसा एंट्री टैक्स’ लगाया है. बुधवार से प्रदेश के नंबरों वाली गाड़ियों से कीरतपुर मनाली फोरलेन पर अवैध नाका लगाते हुए निहंग सिख वसूली कर रहे हैं.

मामले को लेकर अब सीएम सुक्खू ने पंजाब से मुख्यमंत्री से बात की है और खालसा एंट्री टैक्स को गैर कानूनी कहा है. सीएम सुक्खू ने भगवंत मान से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है. कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने यह जानकारी दी है.

कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि ये अकाली दल और भाजपा की सोची समझी साजिश है. जब भी टूरिस्ट सीजन शुरू होता है उसके बाद इस तरह की हरकत की जाती है. पहले कसोल में टूरिस्ट ने गोली चलाई और उसके बाद बॉर्डर पर से सब शुरू किया गया. नेगी ने कहा कि खालसा टैक्स गैर कानूनी है. मीडिया से बातचीत में श्री आनंदपुर साहिब के एसडीएम सुखपाल सिंह ने कहा कि हिमाचल के वाहनों को रोककर शुल्क वसूलना गैरकानूनी है.

कीरतपुर के पास लगाया नाका

सिख निहंगों की जत्थेंबंदियों ने बुधवार को कीरतपुर मनाली फोरलेन पर गड़ा मोड़ के पास हिमाचल की गाड़ियों को रोका और पैसे उगाही की. हालांकि, इस दौरान जिसने पैसे नहीं दिए, उससे पैसे नहीं मांगे गए.

पूर्व विधायक ने किया समर्थन

खालसा टैक्स को लेकर कांगड़ा के ज्वाली से पूर्व विधायक नीरज भारती ने निहंगों का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि अगर हिमाचल प्रदेश सरकार के पास पैसे नहीं हैं तो बाहर से आने वाले लोगों को स्टेट एंट्री टैक्स के नाम पर परेशान करने की बजाय प्रदेश के ही लगभग 70 लाख हिमाचलियों से 10-10, 15-15 हज़ार रुपये का दान (भीख) मांग लेने चाहिए. शायद 40-50 लाख लोग दे भी दें, जिससे सरकारी खजाना ज्यादा जल्दी भर जाए. क्योंकि आज अगर बाहर से आने वालों को परेशान करोगे तो कल हिमाचल प्रदेश के लोगों को भी दूसरे राज्यों में उसी नजर से देखा जाएगा.

भारती ने कहा कि मैं इस बात का इन खालसा भाइयों का समर्थन करता हूं. जब हिमाचल प्रदेश में बाहर की गाड़ियों से एंट्री टैक्स लिया जा सकता है तो फिर देश के हर राज्य को भी हिमाचल प्रदेश के वाहनों से एंट्री टैक्स लेना चाहिए. आखिर एक समान नियम सब पर लागू होने चाहिए.