हिमाचल में निर्माणाधीन टनल गिरी; मजदूर जान बचाकर भागते दिखाई दिए, मंडी में सबसे ज्यादा तबाही, पूरे प्रदेश में 580 सड़कें बंद

Himachal Mandi Tunnel Collapse Massive Disaster Heavy Rain Red Alert

Himachal Mandi Tunnel Collapse Massive Disaster Heavy Rain Red Alert

Himachal Mandi Tunnel Collapse: भारी बारिश-बादल फटने और लैंडस्लाइड के चलते हिमाचल प्रदेश भारी तबाही झेल रहा है। जगह-जगह कुदरत का कहर जारी है। वहीं अब मंडी जिले के बिजनी में एक निर्माणाधीन टनल गिर गई है। टनल का अगला हिस्सा पूरी तरह से धराशायी हो गया। हादसे के वक्त मौके पर काम चल रहा था। टनल गिरते ही मजदूर अपनी जान बचाकर वहां से भागे। गनीमत रही कि, कोई मजदूर टनल की चपेट में नहीं आया और न टनल के अंदर फंसा. हादसे में टनल का मुख्य द्वार बंद हो गया है। एक बड़ा हादसा होते-होते बचा है।

वीडियो

मंडी के गोहर इलाके में 9 लोग लापता

हिमाचल में सबसे ज्यादा तबाही मंडी जिले में देखी जा रही है, मंडी के साथ-साथ कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, धर्मशाला भी काफी प्रभावित हैं। DIG सेंट्रल रेंज (मंडी) सौम्या सांबशिवन ने कहा, गोहर के इलाके में 9 लोग लापता हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। कई जगहों पर बादल फटने की वजह से स्थिति और गंभीर हो गई है। सौम्या सांबशिवन ने कहा, पंडोह में भूस्ख्लन की आशंका बनी हुई है। हमारी लोगों से यह अपील रहेगी कि वे मौसम विभाग के जो भी दिशा-निर्देश हैं उसका पालन करें, अपनी यात्राओं को नियंत्रित करें, जितना हो सके घरों में रहें।

CM ने केंद्र सरकार से मदद मांगी

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "पिछले 2-3 साल से बादल फटने और भूस्ख्लन की घटनाएं बहुत ज्यादा हो रही हैं। जिसके चलते नुकसान बहुत ज्यादा हो रहा है। सरकार देख रही है कि ये घटनाएं क्यों बढ़ी हैं। अध्ययन किया जा रहा है। नदी नालों के किनारे मकान बनाने के नियमों में भी परिवर्तन किए गए हैं। भारत सरकार से भी हम चाहते हैं कि ऐसी आपदा के समय में तुरंत प्रभाव से राहत सहायता प्रदान की जानी चाहिए।''

हिमाचल प्रदेश में 580 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि, कल (सोमवार) प्रदेश में लगभग 390 सड़के बंद थीं। बीती रात और आज सुबह पूरे प्रदेश में बहुत भारी बारिश हुई है और बहुत नुकसान होने की रिपोर्ट हमें मिल रही है। आज भी प्रदेश की लगभग 580 सड़कें बंद हैं और हमारा प्रयास रहेगा कि करीब 340 सड़कों को जल्द ही बहाल कर दिया जाए।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि, स्थिति थोड़ी संवेदनशील है। सरकार लोगों के साथ खड़ी है। मैं सभी से निवेदन करना चाहूंगा कि बहुत आवश्यक कारणों से ही अपने घरों से बाहर निकलें, विशेषकर की मंडी और कुल्लू जिले के लोगों से यह मेरा खास निवेदन है। वहां प्रशासन ने स्कूल और कॉलेज बंद करने का निर्णय लिया है। हम लगातार प्रदेश में बनी परिस्थिति का जायजा ले रहे हैं।

हिमाचल में हालात बेहद खराब

बहराल पहाड़ी राज्य हिमाचल में एक बार फिर बरसात का सीजन आफत बन गया है। भारी बारिश और भीषण लैंडस्लाइड के चलते जगह-जगह हालात खराब हो रखें हैं। पहाड़ फिर से टूटने लगे हैं और रास्ते बंद हो रहे हैं। वहीं भारी बारिश के चलते नाले-नदियों में सैलाब का रुद्र रूप देखा जा रहा है। मंडी और कुल्लू में तो ब्यास नदी का जल स्तर बहुत ज्यादा बढ़ गया है। नदी का जलस्तर बेहद भयानक रूप में है। हिमाचल की इस तबाही में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है।