हिमाचल शहरी निकाय चुनाव: 51 निकायों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू, 'विधानसभा 2027' का सेमीफाइनल आज
Himachal Urban Body Elections: Voting begins at 7 am in 51 local bodies
शिमला। हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगम धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन सहित 51 शहरी निकायों 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों के लिए सुबह 7 बजे से मतदान होगा। इन निकायों में 439 पदों के लिए 1147 प्रत्याशी मैदान में हैं। रविवार को सुबह 7 बजे से 560 मतदान केंद्रों में दोपहर बाद तीन बजे तक इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से मत डाले जाएंगे।
नगर निगम चुनाव पार्टी चिह्न पर हो रहे हैं, जबकि नगर परिषद और नगर पंचायतों में चुनाव पार्टी चुनाव चिह्न पर नहीं हो रहे हैं। प्रदेश में शहरी निकाय के इन चुनाव में करीब 3.80 लाख मतदाता दर्ज हैं।
कुल 449 पदों में से 10 पर निर्विरोध चयन हो चुका है। ऐसे में मतदान 439 पदों के लिए होगा। चारों नगर निगमों के चुनाव को लेकर मतगणना 31 मई को होगी, जबकि बाकी 47 शहरी निकायों के लिए रविवार को मतदान के बाद होगी और परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
सत्ता का सेमीफाइनल
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पार्टी चुनाव चिह्न पर हो रहे चार नगर निगम के चुनाव को सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। इसी वजह से कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने चारों नगर निगम जहां पर पार्टी चुनाव चिह्न पर चुनाव हो रहा है प्रचार में पूरी ताकत झोंकी है।
3600 कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात
शहरी निकाय चुनावों में लगभग 3600 कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी तीन पोलिंग ऑफिसर तथा दो सुरक्षा कर्मी नियुक्त किए गए हैं। मतदान के लिए तीन बजे जो लाइनों में मतदाता खड़े होंगे उनको जब तक मतदान समाप्त नहीं होता तक तक मतदान करवाया जाएगा।
कांगड़ा में सबसे अधिक पार्षदों का चयन
प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव को लेकर सबसे अधिक 80 पार्षद कांगड़ा जिले में चुने जाएंगे। इसके अलावा मंडी में 65, शिमला में 58, सोलन में 49, ऊना में 48, कुल्लू में 39, बिलासपुर में 34, सिरमौर में 33, चंबा में 27 तथा हमीरपुर में 16 पार्षदों का चुनाव होना है। इनमें चार नगर निगमों में 64, नगर परिषदों में 228 तथा नगर पंचायतों में 147 पार्षद चुने जाएंगे।
मतदान केंद्रों में नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल फोन और अन्य सामान
मतदान केंद्रों में मोबाइल फोन और अन्य सामान जैसे बैग आदि को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें मतदान केंद्रों के बहर ही जमा करवाना होगा। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को लाइनों में लगने की आवश्यकता नहीं होगी। उनके बैठने के लिए भी व्यवस्था करने और पानी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने को कहा गया है। जिला आधार पर कुछ ऐसे मतदान केंद्र भी होंगे जो महिलाओं द्वारा ही संचालित होंगे। ये जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा निर्धारित किए हैं।
10 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित
नगर परिषद ज्वालामुखी - वार्ड नंबर 2
नगर पंचायत करसोग - वार्ड नंबर 1 और 3
नगर पंचायत बंजार - वार्ड नंबर 6
नगर पंचायत रिवालसर - वार्ड नंबर 1
नगर पंचायत नेरवा - वार्ड नंबर 2, 3, 4 व 6
नगर पंचायत चिड़गांव - वार्ड नंबर 2
मतदान के लिए 16 पहचान पत्र मान्य
मतदान के समय राज्य निर्वाचन आयोग के एपिक कार्ड के साथ 16 पहचान पत्र से कर सकेंगे। मतदान के लिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, बैंक व डाकघर पासबुक, सरकारी, निजी संस्थान का आइडी, पेंशन दस्तावेज, छात्र आइडी आदि मान्य होंगे।