हिमाचल में चुनावी शंखनाद: 246 पंचायतों में वोटर लिस्ट का 'स्पेशल ऑडिट', 31 मई से पहले होंगे चुनाव

हिमाचल में चुनावी शंखनाद: 246 पंचायतों में वोटर लिस्ट का 'स्पेशल ऑडिट', 31 मई से पहले होंगे चुनाव

​​​​​​​Himachal Pradesh Elections

Himachal Pradesh Elections: 'Special audit' of voter lists in 246 panchayats

Himachal Pradesh Elections: 'Special audit' of voter lists in 246 panchayats, हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव को लेकर 246 पंचायतों की मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण किया जाएगा। प्रदेश में 39 नई पंचायतों के गठन और 84 अन्य पंचायतों के बनाए जाने के प्रस्ताव को लेकर अनेक पंचायतों के वार्ड और राजस्व गांव एक पंचायत से दूसरी पंचायत में स्थानांतरित किए गए हैं, जिससे पहले प्रकाशित मतदाता सूचियां प्रभावित हो गई हैं। अब नई पंचायतों के अलावा उन पंचायतों की मतदाता सूचियां को भी दोबारा बनाना पड़ेगा, जिन पंचायतों को काटकर यह पंचायतें बनी हैं।

सूचियों में संशोधन आवश्यक
राज्य निर्वाचन आयोग ने पहले ही मतदाता सूची प्रिंट करवा दी थी, लेकिन नई पंचायतों के गठन से इन सूचियों में संशोधन आवश्यक हो गया है। प्रभावित पंचायतों के लिए अनुपूरक सूची तैयार कर मतदाताओं का सही विवरण दर्ज किया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा 123 नई पंचायतों के गठन के निर्णय के बाद कई पुरानी पंचायतों की सीमाएं बदली हैं। इससे कुछ पंचायतों के मतदाता दूसरी पंचायतों में शामिल हो गए हैं। ऐसी स्थिति में मतदाता सूची का अद्यतन करना अनिवार्य हो गया है। संबंधित खंड विकास अधिकारियों और पंचायत सचिवों को मतदाता विवरण के सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं।

31 मई से पहले करवाए जाने हैं पंचायतीराज चुनाव
उधर, सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव 31 मई से पहले कराए जाने हैं। अदालत ने राज्य सरकार को समयबद्ध तरीके से चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसी के चलते राज्य निर्वाचन आयोग भी औपचारिकताएं पूरी करे में जुट गया है। मतदाता सूची के संशोधन, आरक्षण रोस्टर जारी करने और मतदान केंद्रों के निर्धारण का कार्य किया जा रहा है। चुनाव तिथि की औपचारिक घोषणा से पहले सभी प्रक्रियाएं पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं और संभावित उम्मीदवारों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

हिमाचल में नई पंचायतें बनाए जाने से मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण किया जाना है। पंचायतीराज विभाग से रिपोर्ट आने के बाद ही आयोग मतदाता सूचियों को अपडेट करेगा। अनुपूरक वोटर लिस्ट तैयार की जाएगी।
- सुरजीत सिंह राठौर, सचिव राज्य निर्वाचन आयोग

नई पंचायतें बनने से रफ्तार पकड़ेगी विकास की गति : विनय
 प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री रेणुका जी से विधायक विनय कुमार ने कहा है कि नई पंचायतों के गठन से विकास की गति रफ्तार पकड़ेगी। उनके विधानसभा क्षेत्र में भी 3 नई पंचायतें बनेंगी। उन्होंने कहा है कि हरिपुरधार महल क्षेत्र के सांगना पंचायत से गाता मंडवाच नई पंचायत, रेणुका क्षेत्र से भाटगढ़ पंचायत से चाड़ना नई पंचायत, भवाई पंचायत से कुफर केंथु नई पंचायत के गठन की अधिसूचना प्रदेश सरकार द्वारा जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्र के लोग नई पंचायत के गठन की मांग बहुत पहले से उठा रहे थे। नई पंचायतें बनने से लोगों को अपने कार्यों के लिए अब दूर नही जाना होगा।