हिमाचल नगर निगम चुनाव: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह और रजनी पाटिल ने शुरू किया चुनावी अभियान
Himachal Municipal Corporation Elections
शिमला। Himachal Municipal Corporation Elections, हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनाव के लिए राजनीतिक पारा पूरी तरह गरमा गया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह बुधवार से चुनावी प्रचार में उतर गए हैं। मंडी नगर निगम से उन्होंने चुनाव प्रचार का आगाज किया। मंडी जाने से पूर्व उन्होंने कांग्रेस प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल से शिमला में मुलाकात की। रजनी पाटिल भी चुनाव प्रचार के लिए हिमाचल पहुंची हुई हैं।
बीते रोज उन्होंने सोलन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया था व चुनावी बैठकों में हिस्सा लिया था। दोनों के बीच काफी देर तक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने उन्हें चुनावी फीडबैक दिया।
मंडी के बाद पालमपुर व धर्मशाला में चुनाव प्रचार
मुख्यमंत्री मंडी के बाद पालमपुर, धर्मशाला व उसके बाद सोलन नगर निगम में भी चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे। कांग्रेस ने चुनाव के लिए उप मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री सहित विधायकों की ड्यूटी लगाई है। सभी मंत्री व विधायक चुनाव प्रचार में डटे हुए हैं। अब मुख्यमंत्री के चुनावी मैदान में उतरने के बाद कांग्रेस ने प्रचार को और तेज कर दिया है।
धर्मशाला व पालमपुर पर जोर
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल भी चारों नगर निगमों के चुनावी दौरे पर हैं। पाटिल का मुख्य ध्यान कांगड़ा जिले के धर्मशाला और पालमपुर नगर निगमों पर रहेगा। यहां वह विशाल रोड शो के माध्यम से पार्टी की ताकत का प्रदर्शन करेंगी। रजनी पाटिल मंडी में विभिन्न वार्डों में चुनावी जनसभा को संबोधित करने के साथ-साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगी।
पालमपुर में होगा शक्ति प्रदर्शन
मंडी में प्रचार अभियान को गति देने के बाद वह उसी रात पालमपुर पहुंचेंगी। 14 मई को पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेगी, जहां रजनी पाटिल विभिन्न वार्डों में व्यापक रोड शो करेंगी। इस दौरान उनके साथ प्रदेश स्तर के दिग्गज नेता भी मौजूद रहेंगे, ताकि शहरी मतदाताओं को पार्टी के पक्ष में लामबंद किया जा सके।
धर्मशाला में होगा रोड शो
पालमपुर में कार्यक्रम के बाद वह उसी शाम धर्मशाला के लिए प्रस्थान करेंगी। दौरे के अंतिम दिन, यानी 15 मई को धर्मशाला नगर निगम में रजनी पाटिल के नेतृत्व में एक भव्य रोड शो आयोजित किया जाएगा। धर्मशाला में पार्टी की साख दांव पर होने के कारण इस रोड शो को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रोड शो के बाद वह प्रेस वार्ता के जरिए चुनाव से जुड़े अहम मुद्दों पर मीडिया से बातचीत करेंगी और फिर गगल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।