हिमाचल में बारिश का कहर: चंबा-कुल्लू में 2000 से ज्यादा पर्यटक फंसे, कई इलाकों में मोबाइल-बिजली बंद
- By Gaurav --
- Thursday, 28 Aug, 2025

Himachal Heavy Rain Flood
Himachal Heavy Rain: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर कई जगह लैंडस्लाइड की सूचना है। मंडी में ओट के बनाला के पास कुछ वाहन दबे हैं।
चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में 2000 से अधिक पर्यटक और मणिमहेश यात्री फंसे हुए हैं। इन क्षेत्रों में पिछले 3 दिनों से मोबाइल सेवाएं ठप हैं। सड़क, पानी और बिजली की आपूर्ति भी बाधित है। इससे फंसे हुए पर्यटकों के परिजन उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।
चंबा में 4 दिन की भारी बारिश से होली बाजार को खतरा उत्पन्न हो गया है। रावी नदी के तेज बहाव से बाजार और निचले क्षेत्रों में भूमि कटाव हो रहा है। डलहौजी विधायक के अनुसार उनके विधानसभा क्षेत्र में 50 से अधिक घरों को बादल फटने से नुकसान हुआ है।
कुल्लू जिले के बंजार और मनाली सब डिवीजन में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन के शाम तक बहाल होने की संभावना है। मंडी से कुल्लू मार्ग पर छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू की गई थी। लेकिन रात में फिर से लैंडस्लाइड के कारण मार्ग बंद हो गया।
मौसम विभाग ने ऊना, हमीरपुर, मंडी, शिमला और सिरमौर में आज के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को इन जिलों के साथ कांगड़ा और बिलासपुर में भी यलो अलर्ट रहेगा। मंडी की सांसद कंगना रनौत ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और प्रशासन से संपर्क में होने की बात कही है।