Himachal Govt Hands Over Triund Trek

त्रियुंड ट्रैक का प्रबंधन अब निजी ऑपरेटरों के हाथों में

pp

Himachal Govt Hands Over Triund Trek

हिमाचल प्रदेश सरकार ने कांगड़ा जिले के प्रसिद्ध ट्रैकिंग रूट त्रियुंड (Triund) के प्रबंधन में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। अब इस ट्रैक की देखरेख वन विभाग के बजाय निजी ऑपरेटरों द्वारा की जाएगी।

इस व्यवस्था को लागू करने के लिए वन विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार, निविदाएं 27 मार्च को खोली जाएंगी, जिसके बाद यह तय किया जाएगा कि ट्रैक के संचालन और पर्यटकों की एंट्री का जिम्मा किस निजी ऑपरेटर को सौंपा जाएगा।

नए नियमों के तहत त्रियुंड ट्रैक पर जाने वाले पर्यटकों को गलू चेक पोस्ट पर अपनी एंट्री दर्ज करानी होगी। इसके लिए कुछ निर्धारित शुल्क भी तय किए गए हैं।

वन विभाग के मुताबिक, प्रत्येक पर्यटक से 100 रुपये एंट्री फीस ली जाएगी। वहीं, यदि कोई पर्यटक वहां टेंट लगाना चाहता है, तो उसे 275 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से शुल्क देना होगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये शुल्क दरें वन विभाग द्वारा तय की गई हैं और निजी ऑपरेटर इन्हें अपनी मर्जी से बढ़ा नहीं सकेंगे। हालांकि, इस क्षेत्र के पारंपरिक अधिकार (राइट होल्डर्स) रखने वाले स्थानीय लोगों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

यह कदम त्रियुंड ट्रैक पर बढ़ती पर्यटकों की संख्या को व्यवस्थित करने और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।