हिमाचल कांग्रेस का 'मिशन कायाकल्प': विनय कुमार की नई टीम में दिग्गजों की छुट्टी, युवाओं और महिलाओं को कमान
Himachal Congress's 'Mission Kayakalp
शिमला। Himachal Congress's 'Mission Kayakalp, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हिमाचल प्रदेश राज्य कार्यकारिणी की पहली सूची में कई बड़े बदलाव किए हैं। दिग्गजों की उपाध्यक्ष पद से छुट्टी कर ज्यादातर नए चेहरों पर दांव खेला है। एनएसयूआई व युवा कांग्रेस से निकले नेताओं को भी महासचिव बनाकर युवा टीम गठित की है। विनय कुमार की नई टीम में पहली सूची “एक व्यक्ति-एक पद” के सिद्धांत को सख्ती से लागू कर बड़ा सन्देश दिया गया है।
बड़े नेताओं को झटका
बीते कई सालों से कांग्रेस ऐसा एलान करती आई है लेकिन इसे लागू नहीं किया गया। बोर्ड-निगम व सरकार में अहम पदों पर तैनात नेताओं को यह बड़ा झटका है। पार्टी में अनुशासन के साथ एक बड़ा संदेश देने का यह प्रयास है। जिससे संगठन में नई ऊर्जा और संतुलन लाने की कोशिश की गई है।
तीन महिलाओं को स्थान
कांग्रेस द्वारा जारी पहली सूची में महिला सशक्तिकरण पर भी जोर दिया गया है। कार्यकारिणी में तीन महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिससे संगठन में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।
तेज-तर्रार व प्रभावी वक्ताओं का बनेगा पैनल
नई व्यवस्था के तहत महासचिवों के साथ सचिवों की तैनाती आने वाले दिनों में की जाएगी। इनकी कार्यप्रणाली का मूल्यांकन प्रदर्शन के आधार पर होगा, जिससे जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। पार्टी ने तेज-तर्रार और प्रभावी वक्ताओं का भी पैनल बनाएगा। जो विभिन्न मुद्दों पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखेंगे।
सभी गुटों और धड़ों को साधने का प्रयास
विनय कुमार की टीम में सभी गुटों और धड़ों को साधने का प्रयास किया गया है, ताकि संगठन में समन्वय बना रहे और अंदरूनी मतभेद कम हों। संतुलित प्रतिनिधित्व के जरिए पार्टी नेतृत्व ने एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की है।
27 महासचिव और 12 उपाध्यक्ष
नई कार्यकारिणी में कुल 27 महासचिव और 12 उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। यह बड़ा ढांचा संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
ब्लाक व जिला कार्यकारिणी विनय करेंगे घोषित
ब्लाक और जिला की कार्यकारिणी की घोषणा के लिए विनय कुमार को हरी झंडी मिली हुई है। सभी जिला अध्यक्षों से अपने-अपने जिलों के लिए ब्लाक और जिला कमेटियों के लिए पदाधिकारियों के नाम मांगे थे। इस सप्ताह यह सूचियां जारी हो सकती है।
पंचायत चुनाव में भी सक्रिय रहेगी कार्यकारिणी
कांग्रेस पार्टी पंचायत चुनाव से पहले अपनी कार्यकारिणी की घोषणा की है। संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं, चाहे वे युवा कांग्रेस के हों या अन्य फ्रंटल संगठनों के, सबको चुनावों में उतारा जाएगा। जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए यह प्रयास किया जाएगा।
राहुल व खरगे आएंगे हिमाचल
कांग्रेस पार्टी प्रदेश में एक बड़ी रैली का आयोजन करने जा रही है। इस रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी शामिल होंगे।
नियुक्ति में कम, बाद में बढ़ जाती है कार्यकारिणी
कुलदीप राठौर जब प्रदेश अध्यक्ष थे तो कार्यकारिणी में 149 पदाधिकारी बनाए थे। बाद में यह संख्या बढ़कर 300 पार पहुंच गई थी। उनके कार्यकाल में उपचुनाव हुआ उस दौरान नए पदाधिकारी बनाए गए। उसके बाद विधानसभा चुनाव के चलते भी बड़ी संख्या में नियुक्ति की गई थीं। राठौर के समय 18 महासचिव पहले बनाए थे। उपाध्यक्ष 17 व सचिव 82 बनाए गए थे। हालांकि बाद में ये संख्या काफी बढ़ गई थी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जब कांग्रेस अध्यक्ष थे तब 119 सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी में थे। हालांकि बाद में इनकी संख्या बढ़कर 200 पार हो गई थी।