Himachal Apple Procurement: सेब खरीद प्रक्रिया होगी पूरी तरह डिजिटल, बागवानों को मिलेगा सीधा लाभ
Himachal Apple Procurement
शिमला। Himachal Apple Procurement, मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आगामी सेब खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि अगले सीजन से खरीद से जुड़े सभी चरणों और डाटा का डिजिटलीकरण किया जाए, जिससे पारदर्शिता बढ़े और बागवानों को सीधा लाभ मिल सके।
हाल ही में हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने मंडी मध्यस्थता योजना (एमआईएस) के तहत सेब खरीद के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छोटे और सीमांत बागवानों के हित सर्वोपरि हैं और निगम को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसानों को उनके उत्पाद का अधिकतम लाभ मिले।
इसके लिए खरीद केंद्रों की अग्रिम सूचना जारी करने और सभी व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने का आदेश दिया गया है। बैठक में बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पिछले साल बना था रिकॉर्ड
पिछले वर्ष 2025 में, एमआइएस के तहत एचपीएमसी ने रिकॉर्ड 98,540 हजार टन सेब की खरीद की थी। इस बार पूरी खरीद प्रक्रिया का जिम्मा केवल एचपीएमसी के पास रहेगा, जबकि पहले हिमफेड भी इसमें शामिल होता था।
बागवानों के हित में फैसले
सरकार द्वारा लागू की गई यूनिवर्सल कार्टन प्रणाली और अन्य बागवान हितैषी कदमों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इनसे किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं। साथ ही, एमआइएस के तहत बकाया भुगतान के लिए अब तक की सबसे बड़ी राशि जारी कर सरकार ने प्रतिबद्धता भी दिखाई है।