चंडीगढ़ DGP को हाईकोर्ट की सख्त चेतावनी; ट्रैफिक जाम में फंसे जज तो तलब कर कहा- ऐसी घटना भविष्य में दोबारा नहीं होनी चाहिए
High Court Warns Chandigarh DGP Sagar Preet Hooda Due To Traffic Jam
Chandigarh DGP in High Court: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ के डीजीपी डॉ सागर प्रीत हुड्डा को आज तलब करने के बाद फटकार लगाई है। दरअसल मामला हाईकोर्ट के जजों के भारी ट्रैफिक जाम में फंसने का है। ट्रैफिक अव्यवस्था के इसी मामले में हाईकोर्ट ने आज मंगलवार दोपहर DGP को तलब किया था। वहीं हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए जब DGP कोर्ट में पेश हुए तो उन्हें इस मामले में सख्त चेतावनी दी गई। हाईकोर्ट ने DGP से इस पूरे मामले पर जवाब मांगा और कहा कि ऐसी घटना भविष्य में दोबारा नहीं होनी चाहिए।
DGP ने हाईकोर्ट को दिया भरोसा
हाईकोर्ट की चेतावनी पर डीजीपी डॉ सागर प्रीत हुड्डा ने कोर्ट को भविष्य में ध्यान रखने का भरोसा दिया और कहा कि आगे से ऐसा न हो इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। वहीं DGP के भरोसे पर कोर्ट ने मामले का निपटारा किया। इसके बाद DGP सागर प्रीत हुड्डा हाईकोर्ट से रवाना हो गए। मसलन हाईकोर्ट ने DGP को यह साफ कर दिया है की अगर आगे से ट्रैफिक जाम की स्थिति नहीं सुधरती है और अगर जजों को वहां फंसना पड़ता है तो फिर कोताही नहीं बरती जाएगी। हाईकोर्ट इसमें फिर इसमें सीधा एक्शन लेगा।
हाईकोर्ट के कई जज ट्रैफिक जाम में फंसे रहे
बताया जाता है कि आज मंगलवार सुबह HC और सचिवालय चौक पर भारी जाम लग गया था। हाईकोर्ट के कई जज इस ट्रैफिक जाम में काफी देर तक फंसे रहे। जजों की गाड़ियां ट्रैफिक जाम में आगे नहीं बढ़ पाईं और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचाने में देरी का सामना करना पड़ा। जिसके बाद इस पूरे मामले में जस्टिस मोदगिल की कोर्ट ने खुद संज्ञान लिया और चंडीगढ़ के डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा को पेशी के लिए तलब कर लिया गया।
चंडीगढ़ में जाम से आम लोग भी हांफ रहे
चंडीगढ़ में केवल जज ही नहीं बल्कि आम लोग भी भारी ट्रैफिक जाम से हांफ रहे हैं। शहर के कुछ हिस्सों में सुबह और शाम भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। खासकर जीरकपुर-चंडीगढ़ मार्ग पर। जीरकपुर से चंडीगढ़ आते हुए एयरपोर्ट लाइट के पहले और फिर इसके बाद हल्लोमजारा लाइट तक भारी जाम दिखता है। वाहनों की लंबी कतार होती है। जिससे दफ्तर और काम जाने वाले लोग त्राहि-त्राहि करते नजर आते हैं। जाम का यह झाम लोगों को परेशान कर देता है।