कुत्ते के काटने की बात छिपाना पड़ा भारी, 12 वर्षीय मोहित की रेबीज से मौत

कुत्ते के काटने की बात छिपाना पड़ा भारी, 12 वर्षीय मोहित की रेबीज से मौत

1000225626

Hiding a dog bite proved costly; 12-year-old Mohit died of rabies.

लोहाघाट। पिथौरागढ़ जिले के सीमांत धारचूला क्षेत्र के जुम्मा गांव निवासी 12 वर्षीय मोहित धामी की रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी के कारण लोहाघाट में मौत हो गई। उसने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

स्वजन ने बताया कि करीब तीन माह पहले धारचूला क्षेत्र में मोहित को एक कुत्ते ने काट लिया था। डर के कारण बालक ने यह बात अपने परिवार को नहीं बताई। यही चुप्पी अंततः उसके लिए घातक साबित हुई।

रास्ते में और बिगड़ गई हालत 

पिछले चार-पांच दिनों से मोहित की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। हालत गंभीर होने पर शनिवार को उसे पिथौरागढ़ जिला चिकित्सालय ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया।

108 एंबुलेंस से मोहित को हल्द्वानी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी हालत और बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां पहुंचते-पहुंचते मासूम की सांसें थम चुकी थीं।

उप जिला अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया बच्चे को पिथौरागढ़ से हल्द्वानी इलाज के लिए ले जाया जा रहा था। लोहाघाट उप जिला अस्पताल लाए तो तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।