Heavy rain alert in Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों को लेकर जारी हुई एडवाइजरी

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों को लेकर जारी हुई एडवाइजरी

Himachal Pradesh

Heavy rain alert in Himachal Pradesh

हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन लगातार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंडी और शिमला के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर और ऊना में भी अगले कुछ घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मानसून की बारिश से प्रदेश में अब तक 2326 करोड़ रुपए की सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। 

इस मानसून सीजन में 658 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। 2318 घरों को आंशिक नुकसान हुआ है। वर्तमान में 316 सड़कें बंद हैं। इनमें से 262 सड़कें अकेले मंडी और कुल्लू जिले में बंद पड़ी हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के  अनुसार, 1 जून से 23 अगस्त के बीच राज्य में सामान्य से 14% अधिक बारिश हुई है। शिमला में सर्वाधिक 73% अधिक बारिश दर्ज की गई। कुल्लू में 53%, मंडी में 49%, ऊना में 47%, बिलासपुर में 36%, सोलन में 33% और हमीरपुर में 29% अधिक बारिश हुई। सिरमौर में 23%, किन्नौर में 7% और कांगड़ा में 4% अधिक बारिश दर्ज की गई।

चंबा में सामान्य से 6% कम बारिश हुई है। लाहौल-स्पीति में सबसे कम बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 66% कम है। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों तक प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।